Follow Us:

प्रदेश सरकार आधुनिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध: सुरेश भारद्वाज

पी. चंद |

शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पालमपुर में कहा कि  सरकार प्रदेश के सभी स्कूलों में गुणवत्तायुक्त और संस्कारित शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए गंभीर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का रुझान निजी स्कूलों ओर बढ़ रहा था। जिसे ध्यान में रखकर एक सर्वे करवाया गया है। सर्वे के आधार पर शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए कुछ नए प्रयास किए गए हैं। प्रदेश के 3391 सरकारी स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं शुरु की गई और इसके अच्छे परिणाम सामने आये हैं। प्रदेश में करीब 48 हजार नये छात्रों ने सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 350 और स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं आरंभ करने की अनुमति ली गई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अटल आदर्श आवासीय स्कूल योजना के तहत गत वर्ष दस स्थानों का चयन किया गया है। इस साल 15 अतिरिक्त स्कूलों को आरंभ की घोषणा बजट में की गई है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर में भी इसके लिए जगह का चयन कर लिया गया है। इन स्कूलों में संबंधित विस क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

 उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में योगा, चैस, संस्कृत और संगीत को पाठयक्रम का हिस्सा बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा एनसीईआरटी की किताबें लगाई गई हैं और निजी स्कूलों को भी एनसीईआरटी की किताबें लगाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छुट्टियों का शेडयूल सभी संबंधित क्षेत्रों से राय लेने के बाद ही तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों में आरओ सिस्टम लगाये जा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री ने राज्य सभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री, जगत प्रकाश नड्डा को बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने की बधाई दी और कहा कि यह प्रदेश के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी आने वाले समय में ओर आगे बढ़ेगी।