Follow Us:

शिमला-चंडीगढ़ हाइवे पर लग रहा है लंबा जाम, लोगों की बढ़ रही परेशानियां

रिक्की योगेश |

शिमला चंडीगढ़ राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ट्रैफिक जाम के कारण पर्यटकों के साथ-साथ आम आदमी भी परेशान हो गया है। फोरलेन निर्माण के कारण इस राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सुबह से ही जाम लगना आम बात हो गई है। सोलन से परवाणू के बीच में कई स्थानों पर जाम लग रहा है। कई-कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही है। भीषण गर्मी में लोगों को वाहनों में बैठकर जाम के खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है और प्रशासन लोगों को जाम से निजात दिलाने में असफल रहा है।

शुक्रवार को सुबह 9 बजे ही एक किलोमीटर लम्बा जाम लग गया था। फोरलेन निर्माण को लेकर की जा रही कटिंग जाम का मुख्य कारण है। हाईवे पर मौजूदा समय में कुमारहट्टी में अधिक जाम लग रहा है। यहां पर फोरलेन निर्माण कंपनी ने फ्लाईओवर बनाने के लिए 2 बड़े-बड़े गड्ढे खोदे हैं जो वाहनों की रफ्तार को रोक रहे हैं। हालांकि, जाम से निपटने के लिए 40-50 जवान तैनात हैं लेकिन ट्रैफिक को देखते हुए बात नहीं बन पा रही।

पुलिस प्रशासन की तरफ से भी आज फोरलेन कम्पनी के साथ मीटिंग की गई, जिसमे उन्हें कहा गया है कि जहां-जहा ज्यादा जाम लगने की दिक्कतें आ रही हैं उसे ठीक किया जाए। वहीं जहां गाड़ियां पास होने के लिए जगह कम है उन जगहों को खोल दिया जाए ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई भी परेशानी ना होय़ बता दे कि सनवारा के समीप बहुत कम जाम लग रहा है और कुमारहट्टी में अधिक जाम लग रहा है। इससे निपटने के लिए जाबली से ऊपर करीब 40 -50 जवान लगाए गए हैं,ताकि पर्यटकों को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।