Follow Us:

नगर परिषद कांगड़ा में कांग्रेस का कब्जा, रेणु शर्मा अध्यक्ष और राजकुमारी उपाध्यक्ष

मृत्युंजय पुरी |

नगर परिषद कांगड़ा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्ज़ा किया। वीरवार को आयोजित चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नप अध्यक्ष कोमल शर्मा का मुकाबला रेणु शर्मा से हुआ। रेणु के पक्ष में 5 और कोमल को 4 पार्षदों का समर्थन मिला। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में वार्ड-4 से भाजपा उम्मीदवार पार्षद अनुराधा और कांग्रेस की तरफ से वार्ड-6 से पहली बार जीती राज कुमारी में मुकाबला हुआ। राज कुमारी 5 वोट हासिल कर विजयी घोषित हुई।

एसडीएम अभिषेक वर्मा ने चुनाव नतीजे घोषित किए। प्रदेश कांग्रेस महासचिव और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा ये कांग्रेस की जीत है। पूरे पांच साल के लिए उनका समर्थन रेणु शर्मा के साथ हैं। वहीं, रेणु शर्मा ने कहा सभी पार्षदों को साथ लेकर नगर के विकास को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने का श्रेय सुमन वर्मा को देते हुए कहा नगर के विकास के लिए उनके तजुर्बे का पूरा सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव अजय वर्मा, नागेश्वर भी मौजूद रहे।