Follow Us:

एनडीए पुणे में लोक लेखा समिति का दौरा, सैन्य प्रशिक्षण व्यवस्था की ली जानकारी

|

🔹 हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति ने किया एनडीए का दौरा
🔹 कमांडेंट एडमिरल गुरचरण सिंह ने समिति का स्वागत कर दी ऐतिहासिक जानकारी
🔹 समिति ने एनडीए के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम और मेस का अवलोकन किया

NDA Khadakwasla Visit: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़गवासला, पुणे का आधिकारिक दौरा किया। यह प्रतिष्ठित रक्षा संस्थान 8,000 एकड़ में फैला हुआ है और भारतीय सेना, नौसेना व वायुसेना के अधिकारियों के प्रशिक्षण का केंद्र है।

इस दौरे में समिति के कार्यकारी सभापति विधायक संजय रत्तन, उप सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक इन्द्र सिंह गांधी, कैप्टेन रणजीत ठाकुर, कमलेश ठाकुर, इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन और डॉ. जनक राज शामिल रहे।

एनडीए के कमांडेंट एडमिरल गुरचरण सिंह ने समिति का स्वागत किया और अकादमी के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी। समिति के सदस्यों ने एनडीए में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कैडेट्स से भी मुलाकात की और उनकी शिक्षा व प्रशिक्षण प्रणाली की समीक्षा की।

हिमाचल प्रदेश का भारतीय सेना में योगदान अतुलनीय रहा है। देश का पहला परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा भी हिमाचल से संबंध रखते थे।

एनडीए मेस और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का अवलोकन


समिति ने एनडीए मेस का भी दौरा किया, जहां एक साथ 2,200 लोग भोजन कर सकते हैं। यह मेस कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय अतिथियों की मेजबानी कर चुका है, जिनमें भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, सेनाध्यक्ष और अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष एवं सैन्य अधिकारी शामिल हैं।

इसके अलावा, समिति के सदस्यों ने सूडान खंड, मनोज पांडे इंडिया स्क्वाड्रन सहित अकादमी के विभिन्न खंडों का अवलोकन किया और प्रशिक्षण पद्धति की जानकारी ली।