Follow Us:

सैंज के बिहाली गांवों में आई बाढ़ में बहे 3 लोगों में से 14 वर्षीय लड़की का श*व बरामद

➤ कुल्लू में लापता लड़की का शव मिला, दो लोग अब भी लापता
➤ प्रदेश में आपदा से मृतकों की संख्या 8 पहुंची
➤ अगले 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी

पराक्रम चंद, शिमला


हिमाचल प्रदेश में बारिश और बादल फटने का कहर लगातार जारी है। कुल्लू जिले के बिहाली गांव में बुधवार को बादल फटने से लापता हुई 14 वर्षीय मूर्ति देवी का शव आज सुबह बक्शाल क्षेत्र में बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बिहाली गांव के नंद लाल (72) और उनकी बहन यान दासी (67) का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय बचाव दल इनकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

इसी बीच कुल्लू की तीर्थन घाटी में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। धर्मशाला के खनियारा क्षेत्र में अब तक 6 शव बरामद हो चुके हैं। इसके साथ ही बुधवार की भीषण आपदा में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8 हो गया है। कुल्लू में अभी भी दो और खनियारा में चार मजदूर लापता बताए जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर सोलन और सिरमौर जिलों में अगले 24 घंटे के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

शनिवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में तेज बारिश का यलो अलर्ट लागू किया गया है। रविवार को इन जिलों के अलावा चंबा और कुल्लू में भी भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

कुल्लू जिले में बुधवार को जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ घाटी, स्त्रो गैलरी (मनाली) और होरनगढ़ (बंजार) में बादल फटा, जिससे चंद मिनटों में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। अचानक आई इस आपदा ने कई लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

धर्मशाला के खनियारा में जिन मजदूरों के शव मिले हैं, उनमें चैन सिंह, आदित्य ठाकुर, चंदन, प्रदीप वर्मा और संजय शामिल हैं। एक शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रशासन ने आपदा प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं।

स्पीति के लोसर में भी बाढ़ के चलते नाले में एक गाड़ी फंस गई है। बीती रात प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जिसमें पालमपुर में 66.5 मिमी, कसौली में 48 मिमी और बरठी में 40.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।