Follow Us:

कड़ाकेदार ठंड से होगी नवंबर की शुरुआत, 1 तारीख़ को हो सकती है बारिश

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में नवंबर महीने का आगाज सर्द मौसम के साथ होगा। मौसम विभाग ने 1 और 2 नवंबर को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अनुमान जताया है। इससे तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक और दो नवंबर को समूचे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा।

इस दौरान राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में गर्जन के साथ बारिश और पर्वतीय इलाकों में हिमपात के आसार हैं। हालांकि 31 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा और दिन में गुनगुनी धूप खिली रहेगी। मनमोहन सिंह ने कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य में मौसम शूष्क बना रहा तथा अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं हुआ।

जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दूसरे जनजातीय जिले किन्नौर के कल्पा में 1.2 और पर्यटन स्थल मनाली में 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा भुंतर में 5.4, कुफरी में 6.6, सुंदरनगर में 6.7, सोलन में 7, चंबा में 8.2, डल्हौजी में 9.1, शिमला में 9.6, हमीरपुर में 10.4, पालमपुर में 10.5, धर्मशाला में 10.6, उना में 10.7, कांगड़ा में 11.2, बिलासपुर में 11.7, नाहन में 11.8 और मंडी में 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।