➤ बिलासपुर में विजिबिलिटी 40 मीटर से नीचे, कई शहरों में घना कोहरा
➤ आज रात से स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव, 4 दिन बारिश-बर्फबारी
➤ कल 12 जिलों में 60 किमी रफ्तार से आंधी-तूफान का यलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सुबह के समय बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 40 मीटर से भी नीचे चली गई और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुंदरनगर, बद्दी, पांवटा साहिब और सुजानपुर में भी यही हाल रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर बाद एक स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले चार दिन तक देखने को मिलेगा। आज रात से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होगा, जबकि कल पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है।
ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले व मध्यम क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। 2 और 3 फरवरी को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का असर रहेगा, जबकि 4 फरवरी से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने कल के लिए प्रदेश के सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ऊंचे इलाकों में बर्फीला तूफान भी आ सकता है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊंचे क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
इस बीच लाहौल-स्पीति में कड़ाके की ठंड जारी है। ताबो का न्यूनतम तापमान -10.2°C और कुकुमसेरी का -6.3°C दर्ज किया गया है।
12 अक्टूबर से 22 जनवरी तक प्रदेश में 96% कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन पिछले एक सप्ताह में सामान्य से 270% अधिक वर्षा होने से किसानों, बागवानों और पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं।



