Follow Us:

अगले 6 दिन धूप खिली रहेगी, पर्यटक स्थलों पर सुहावना मौसम

➤ हिमाचल प्रदेश में मानसून विदाई के बाद गर्मी बढ़ी
➤ प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार
➤ अगले 6 दिन धूप खिलने से पारे में और उछाल के आसार


हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश थमते ही धूप की तपिश महसूस होने लगी है और तापमान में लगातार उछाल दर्ज हो रहा है। सबसे अधिक तापमान ऊना में रिकॉर्ड किया गया जहां पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं कुल्लू के बजौरा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यही नहीं, प्रदेश के 13 शहरों का पारा 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।

मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा चल रहा है। ठंडी जगह माने जाने वाले केलांग में भी तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया। यहां पारा 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा है। इसी तरह शिमला में पारा 26.2 डिग्री, कल्पा में 25.6 डिग्री और सोलन में 31.5 डिग्री दर्ज किया गया।

भुंतर का तापमान भी सामान्य से 3.3 डिग्री ऊपर 33 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी औसत से ऊपर बना हुआ है, जिससे रातें भी पहले जैसी ठंडी नहीं रह गई हैं।

अगले 6 दिन धूप खिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। धूप खिलने से दिन का तापमान और बढ़ेगा, जिससे गर्म हवाओं का असर और तेज हो सकता है।

हालांकि, पर्यटन स्थलों का मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है। शिमला का पारा 26.2 डिग्री, धर्मशाला का 28 डिग्री, मनाली का 26.8 डिग्री, कुफरी का 21.8 डिग्री और नारकंडा का 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे यहां आने वाले पर्यटक मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।