➤ हिमाचल में तीन दिन से मौसम साफ और धूप खिली
➤ बीते सप्ताह की बारिश-बर्फबारी के बाद सर्दी से राहत
➤ मानसून के बाद भी सामान्य से 445% अधिक बारिश रिकॉर्ड
हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के लिए मौसम सुहावना हो गया है। पहाड़ों पर तीन दिन से अच्छी धूप खिल रही है और मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले छह दिन तक यह मौसम साफ बना रहेगा। इससे कड़ाके की सर्दी से राहत मिलेगी और दिन-रात के तापमान में हल्का उछाल आएगा।
प्रदेश में बीते सप्ताह हुई बारिश और बर्फबारी के कारण अक्टूबर के पहले और दूसरे सप्ताह में ही दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड पड़ गई थी। कई शहरों का पारा सामान्य से 18 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर चुका था। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 7 अक्टूबर को सामान्य से 11.2 डिग्री नीचे गया था, जो अब सामान्य से केवल 1 डिग्री कम रह गया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून के बाद भी प्रदेश में 445 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 से 12 अक्टूबर के बीच सामान्य रूप से 12.3 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 67 मिलीमीटर बारिश हुई।
जिलों की स्थिति:
-
बिलासपुर: सामान्य से 1554% अधिक बारिश, 5.6 मिलीमीटर के बजाय 92.6 मिलीमीटर।
-
सोलन: सामान्य तुलना में 1048% अधिक बारिश।
प्रदेश के कई हिस्सों में इतिहास का सबसे अर्ली स्नोफॉल भी हुआ। केलांग में 2018 में 11 अक्टूबर को बर्फबारी हुई थी, लेकिन इस बार 6 अक्टूबर को ही 25 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ। इसके कारण अब भारी संख्या में टूरिस्ट पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। शिमला के रिज पर सॉफ्टी का आनंद लेते हुए पर्यटक इस मौसम का मजा ले रहे हैं।



