Follow Us:

सावधान, अगले तीन दिन हिमाचल पर भारी, जमकर बरसेगा पानी, यलो अलर्ट, पढ़ें मौसम का बड़ा अपडेट

हिमाचल में अगले 3 दिन लगातार बारिश का यलो अलर्ट जारी
2326 करोड़ की सरकारी और निजी संपत्ति मानसून से बर्बाद
658 घर पूरी तरह ध्वस्त, 2318 को आंशिक नुकसान, 316 सड़कें बंद


हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने आज मंडी और शिमला जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सुब‍ह से चंबा में नुकसान करने वाली बारिश जारी है।  बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और ऊना में भी अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में इस बार की मानसून बारिश ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 2326 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति नष्ट हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, 658 घर पूरी तरह ढह गए, जबकि 2318 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। सड़क नेटवर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और अब भी 316 सड़कें बंद हैं, जिनमें से केवल मंडी और कुल्लू जिले में ही 262 सड़कें बंद हैं।

बारिश का रिकॉर्ड सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। 1 जून से 23 अगस्त तक राज्य में 14% ज्यादा बारिश हुई है। इसमें शिमला सबसे आगे है, जहां 73% अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कुल्लू 53%, मंडी 49%, ऊना 47%, बिलासपुर 36%, सोलन 33%, हमीरपुर 29%, सिरमौर 23%, किन्नौर 7% और कांगड़ा में 4% अधिक बारिश दर्ज की गई।

हालांकि, दो जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। चंबा में 6% कम और लाहौल-स्पीति में सबसे कम, यानी सामान्य से 66% कम बारिश दर्ज की गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश जारी रहेगी, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।