Follow Us:

5 मार्च को कांग्रेस विधायक दल की निर्णायक बैठक, दावेदारों की लंबी सूची पर मंथन, फैसला हाईकमान पर

➤ 5 मार्च सुबह 11 बजे हिमाचल विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक
➤ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे अध्यक्षता
➤ नामांकन से कुछ घंटे पहले ही प्रत्याशी के ऐलान की तैयारी


हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है। 5 मार्च को सुबह 11 बजे कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे।

संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सभी विधायकों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसी दिन राज्यसभा प्रत्याशी का नामांकन भरा जाना है, ऐसे में बैठक को बेहद निर्णायक माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों की सूची लंबी हो गई है। राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में सुप्रिया श्रीनेत और पवन खेड़ा के नाम चर्चा में हैं। वहीं हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का नाम पहले से सुर्खियों में है।

प्रदेश के दावेदारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, आईटी एडवाइजर गोकुल बुटेल और एडवोकेट जनरल अनूप रत्न के नाम भी सामने आ रहे हैं। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को करना है।

सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने अंतिम निर्णय का अधिकार हाईकमान को सौंप दिया है, लेकिन विधायक दल की राय से अवगत करा दिया गया है। अधिकतर विधायक चाहते हैं कि किसी हिमाचली चेहरे को ही राज्यसभा भेजा जाए।

फरवरी 2024 में अभिषेक मनु सिंघवी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था। विपक्षी भाजपा ने हर्ष महाजन को उम्मीदवार बनाकर चुनाव जीत लिया था, जिससे प्रदेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला।

इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस इस बार लास्ट मिनट स्ट्रैटेजी अपना सकती है और नामांकन से कुछ घंटे पहले ही उम्मीदवार का ऐलान किया जा सकता है।

चुनाव कार्यक्रम


5 मार्च को नामांकन भरे जाएंगे।
16 मार्च को मतदान और परिणाम घोषित होंगे।
वर्तमान राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।