➤ रामपुर में बोलेरो 300 फुट गहरी खाई में गिरी, मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत
➤ महिला टीचर के मोबाइल में हादसे से 3 सेकेंड पहले का लाइव वीडियो आया सामने
➤ दूध बेचकर घर लौट रहे थे चार मृतक, ड्राइवर की लापरवाही की आशंका
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के काशापाट में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सामने आए एक लाइव वीडियो ने इस दर्दनाक घटना को और भी भावुक बना दिया है।

हादसे से जुड़ा वायरल वीडियो मृतकों में शामिल हिंदी अध्यापिका आशा कुमारी ने अपने मोबाइल फोन से बनाया था। बताया जा रहा है कि वह कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र के दिगेढ़ स्कूल में शिक्षिका थीं। वीडियो में वह रास्ते के सुंदर नजारों को दिखाते हुए कहती सुनाई देती हैं, “सामने देखो… मेरा ननिहाल…”। उनके इतना कहते ही करीब दो से तीन सेकेंड बाद वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाता है और वीडियो में चीख-पुकार सुनाई देने लगती है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे रामपुर के काशापाट क्षेत्र में हुआ। बोलेरो कैंपर में सवार चार लोग दत्तनगर में दूध की सप्लाई करके अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ शिक्षिका आशा कुमारी और उनका 12 वर्षीय बेटा उगल आजाद भी यात्रा कर रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों की मदद से शाम तक सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टैकलेच भेज दिया गया।

प्रथम दृष्टया पुलिस इस हादसे के पीछे वाहन चालक की लापरवाही को कारण मान रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मृतकों की पहचान
- अभिषेक सैनी (23), निवासी शरनाल, काशापाट, जिला शिमला।
- अशोक जैन (32), निवासी छल्टा, रामपुर, जिला शिमला (वाहन चालक)।
- लायक राम (56), निवासी पट, काशापाट, जिला शिमला।
- नितिन जैन (23), निवासी छल्टा, काशापाट, जिला शिमला।
- आशा कुमारी (40), निवासी कवानू, आनी, जिला कुल्लू।
- उगल आजाद (12), निवासी कवानू, आनी, जिला कुल्लू।



