Follow Us:

हिमाचल में एसडीएम पर शादी का झांसा देकर दुराचार का आरोप, युवती ने लगाए वीडियो की बात कहकर ब्लेकमेल के आरोप

➤ हिमाचल में एसडीएम पर शादी का झांसा देकर दुराचार का गंभीर आरोप
➤ युवती का दावा, ऑफिस और सर्किट हाउस में बनाए शारीरिक संबंध और वीडियो से ब्लैकमेल
➤ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी अधिकारी की तलाश जारी


 हिमाचल प्रदेश में तैनात एसडीएम पद पर कार्यरत एक एचएएस अधिकारी पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एसडीएम ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। यही नहीं, उसने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उसके साथ अपने कार्यालय के रेस्ट रूम और सर्किट हाउस में संबंध बनाए और इस दौरान उसका वीडियो भी तैयार किया

युवती का कहना है कि उसकी मुलाकात एसडीएम से सोशल मीडिया के जरिये हुई थी। इसके बाद कई बार उसे ऑफिस बुलाया गया। करीब डेढ़ माह पहले ऑफिस जाने पर आरोपी ने उसे निजी कक्ष में बुलाकर जबरन संबंध बनाए। लगभग दस दिन बाद, ऊना के विश्राम गृह में किसी अन्य नाम से कमरा बुक कर वहां भी आरोपी ने उसे बुलाया और संबंध बनाए। जब युवती ने विरोध किया और शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने वीडियो के सहारे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

युवती ने आगे बताया कि समय बीतने के साथ अधिकारी ने बात करना भी कम कर दिया। एक बार जब वह उसके घर पहुंची तो आरोपी ने उसे धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। युवती का आरोप है कि इस मामले की पहले शिकायत महिला आयोग में भी की थी लेकिन अधिकारी के दबाव में उसे वापस लेना पड़ा।

एसपी ने जानकारी दी कि युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी किया गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।