Follow Us:

हिमाचल में हाड़ कंपाने वाली ठंड, 16 शहरों में तापमान 5° से नीचे

➤ हिमाचल में हाड़ कंपाने वाली ठंड, 16 शहरों में तापमान 5°C से नीचे
ताबो -7.1°C, कुकुमसैरी -5.7°C, कल्पा -0.4°C; कई जगह बर्फ जमनी शुरू
➤ शिमला से ठंडी मैदानी इलाकों की रात, विजिबिलिटी 100 मीटर तक घटी


हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने इस समय अपने चरम रूप में दस्तक दे दी है। राज्य के 16 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि 28 स्थानों पर पारा 10 डिग्री या इससे कम रिकॉर्ड हुआ है। विशेषकर लाहौल स्पीति और किन्नौर के ऊंचे इलाकों में ठंड का प्रकोप सबसे अधिक है।

लाहौल स्पीति के ताबो में -7.1°C, कुकुमसैरी में -5.7°C और किन्नौर के कल्पा में -0.4°C तापमान दर्ज किया गया। इतनी भीषण ठंड के चलते दुर्गम क्षेत्रों में पानी की टंकियों, पाइपों और सड़क किनारे बहते पानी में बर्फ जमनी शुरू हो गई है। वहीं, खेतों में पड़ रहे कड़े पाले से किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने लगा है।

सिर्फ ऊंचे क्षेत्रों ही नहीं, बल्कि मैदानी इलाकों में भी शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। सुबह और रात के समय ठंड लगातार बढ़ रही है। हैरानी की बात यह है कि शिमला की तुलना में कई मैदानी क्षेत्र अधिक ठंडे रिकॉर्ड हुए हैं।

शिमला का न्यूनतम तापमान जहां 8°C रहा, वहीं सुंदरनगर और भुंतर का 2°C, पालमपुर का 4°C, सोलन का 2.7°C, मनाली का 1.3°C, कांगड़ा का 4.6°C, मंडी का 4.7°C, हमीरपुर का 3.7°C और बिलासपुर का 7.2°C दर्ज किया गया।

मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी अपना असर दिखा रहा है। ऊना, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी कम होकर 100 मीटर रह गई। बिलासपुर के भाखड़ा बांध क्षेत्र, मंडी की बल्ह घाटी, हमीरपुर के सुजानपुर व कांगड़ा-ऊना मार्ग पर भी कोहरे ने यातायात को प्रभावित किया।

उधर, शिमला में सुबह हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान में कोई बड़ा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। ऐसे में अगले 7 दिनों में बारिश या बर्फबारी की संभावना बेहद कम है।