➤ लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी जारी
➤ शिमला मौसम केंद्र ने आठ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया
➤ मनाली समेत कई जगहों का तापमान 7 से 8 डिग्री तक गिरा, ठंड लौट आई
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू और अब चंबा में भी रविवार सुबह से ताजा बर्फबारी जारी है। तड़के करीब चार बजे से मणिमहेश, कुगती और होली में हिमपात हो रहा है। बर्फबारी के कारण कोकसर-पलचान (रोहतांग पास), कोकसर-लोसर (कुंजम टॉप) और चंद्रताल रोड पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।

प्रदेश के मध्यम और निचले क्षेत्रों में भी लगातार बारिश हो रही है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और ठंड फिर लौट आई है। पिछले 24 घंटों में कई इलाकों का तापमान 8 डिग्री तक नीचे आया है। हिमाचल का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार को भी 8 जिलों – चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी और ऊना – में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि व हल्के हिमपात की चेतावनी भी दी है।

लाहौल-स्पीति में रोहतांग दर्रा, बारालाचा और धौलाधार रेंज पर इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। मनाली से रोहतांग दर्रा तक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल और त्रिलोकनाथ घाटी में सुबह का नजारा किसी चित्र जैसा मनमोहक दिखा।
मनाली का अधिकतम तापमान 15.6°C, जो सामान्य से 7.8 डिग्री कम, भुंतर का तापमान 22°C, मंडी का 24.8°C और सुंदरनगर का 25.5°C रिकॉर्ड किया गया है। ये सभी सामान्य से 4-7 डिग्री नीचे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, कल भी 8 जिलों में यलो अलर्ट रहेगा — ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू, चंबा, शिमला और कांगड़ा में बारिश-बर्फबारी का अनुमान है। परसों से मौसम के सुधरने की संभावना जताई गई है।



