Follow Us:

पहाड़ों पर बर्फ, मैदानी इलाकों में बारिश, किसानों-बागवानों को राहत , जानें आगे कैसा रहेगाा मौसम

➤ नए साल पर हिमाचल में बारिश-बर्फबारी, लंबे ड्राई स्पैल का टूटा असर
➤ डलहौजी, त्रियुंड, शिकारी देवी सहित कई क्षेत्रों में सीजन का पहला हिमपात
➤ दिन के तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट, 7 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट


हिमाचल प्रदेश में सूखे जैसे हालात से जूझ रहे लोगों के लिए नववर्ष राहत की सौगात लेकर आया है। नए साल के पहले दिन वीरवार को प्रदेश के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। इससे लंबे समय से चला आ रहा ड्राई स्पैल टूट गया है और किसानों-बागवानों को बड़ी राहत मिली है।

इन क्षेत्रों में गिरी सीजन की पहली बर्फ

वीरवार को डलहौजी, शिकारी देवी, कमरुनाग, त्रियुंड और आदि हिमानी चामुंडा में बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला, कुफरी और नारकंडा में भी बर्फ के फाहे गिरे। सोलंगनाला, अटल टनल, धुंधी, कोकसर और रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में सैलानियों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की।

धौलाधार, पांगी, भरमौर, मणिमहेश, कुगती, किन्नौर कैलाश की चोटियों सहित चंबा जिले के कई ऊपरी गांवों में भी हिमपात दर्ज किया गया।

मैदानी जिलों में बारिश

कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन और चंबा जिलों के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। शिमला में दोपहर बाद बूंदाबांदी दर्ज की गई। लंबे समय बाद हुई बारिश-बर्फबारी से फसलों को संजीवनी मिली है, हालांकि शिमला और मनाली में भारी बर्फबारी न होने से सैलानी और कारोबारी अभी मायूस नजर आए।

हवाई उड़ानें रहीं प्रभावित

खराब मौसम के चलते वीरवार को कांगड़ा हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा।

तापमान में भारी गिरावट

बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में दिन के तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

  • शिमला: 10.0°C

  • धर्मशाला: 19.0°C

  • ऊना: 16.8°C

  • नाहन: 13.2°C

  • सोलन: 16.0°C

  • मनाली: 9.4°C

दिसंबर 2025 रहा बेहद सूखा

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दिसंबर 2025 पिछले 125 वर्षों में छठा सबसे सूखा महीना रहा। एक से 31 दिसंबर के बीच प्रदेश में सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिसंबर में बादल मेहरबान नहीं हुए।

लाहौल में हिमस्खलन

लाहौल में चंद्रावली के खंगसर गांव के सामने पीर पंजाल की चोटी से हिमस्खलन हुआ। बर्फ का बवंडर चंद्रा नदी तक पहुंचा, हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ।

7 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के कई क्षेत्रों में 4 जनवरी तक सुबह-शाम घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं शुक्रवार से 7 जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।