Follow Us:

हिमाचल में बर्फबारी के बाद रोहतांग-शिंकुला और बारालाचा पास बंद:टूरिस्ट को एडवाइजरी, जानें

➤ रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा पास में एक फीट तक ताजा हिमपात, वाहनों की आवाजाही बंद
➤ लाहौल स्पीति प्रशासन की टूरिस्ट और लोकल लोगों को ऊंचे क्षेत्रों की यात्रा टालने की सलाह
➤ कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में यलो अलर्ट, 15 नवंबर को फिर बिगड़ेगा मौसम, 16 नवंबर से साफ


शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक महीने के लंबे ड्राइ स्पेल के बाद शुक्रवार सुबह से कुछ भागों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। लाहौल स्पीति में रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा पास में एक फीट तक ताजा हिमपात हो चुका है। इससे तीनों दर्रों के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

कुल्लू और चंबा के ऊंचे पहाड़ों पर भी बर्फ के फाहे गिरे, जबकि अन्य भागों में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश हुई है। मौसम को देखते हुए लाहौल स्पीति प्रशासन ने टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को ऊंचे क्षेत्रों की यात्राएं टालने की सलाह दी है। केलांग में भी सुबह के वक्त हल्का हिमपात हुआ।

मौसम में आए इस बदलाव के बीच एक दिलचस्प स्थिति सामने आई है। बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है, लेकिन रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया।

मनाली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा होकर 9.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। भुंतर में यह सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक 11.4 डिग्री, कांगड़ा में 6.2 डिग्री अधिक 15 डिग्री और सुंदरनगर में 5.6 डिग्री अधिक 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चंबा और मंडी में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा रहा।

मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के अनुसार, रात के समय बादल छाए रहने से जमीन की ऊष्मा वायुमंडल से बाहर नहीं निकल पाती। बादल इस ऊष्मा को रोक लेते हैं, जिससे रात में तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आती। यही वजह है कि मौसम खराब होने के बावजूद रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके उलट, दिन में बादल सूर्य की किरणों को जमीन तक पहुंचने से रोकते हैं, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आती है।

बीती रात और शुक्रवार सुबह के वक्त सलूणी में 3.2 मिमी बारिश, केलांग में 3.0 मिमी, कुकुमसैरी में 2.4 मिमी, जोत में 2.0 मिमी, सराहन में 1.0 मिमी और सांगला में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात की संभावना है। प्रदेश के मध्यवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

शनिवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा। इससे मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ हो जाएगा। रविवार यानी 15 नवंबर को राज्य के अधिकांश भागों में फिर से मौसम खराब होगा। 16 नवंबर से मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार रात में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आ सकती है, जबकि अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ेगा।