Follow Us:

पश्चिमी विक्षोभ का असर, आज से बिगड़ेगा मौसम, 10 फरवरी को बर्फबारी-अंधड़ का येलो अलर्ट

➤ किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
➤ 10 फरवरी को कई जिलों में अंधड़, 11 से मौसम साफ होने की संभावना
➤ कुल्लू-लाहौल में सड़कों पर असर, तापमान में गिरावट के संकेत



शिमला। हिमाचल प्रदेश के मौसम में सोमवार से बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से किन्नौर और लाहौल-स्पीति सहित कुल्लू, चंबा, मंडी और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है और कुछ जिलों में अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 फरवरी से मौसम साफ होने के आसार हैं।

रविवार को प्रदेशभर में धूप खिली रही। ऊना में अधिकतम तापमान 26.7°C, मंडी 23.9°C, कांगड़ा 23.7°C, नाहन-धर्मशाला 22.0°C, शिमला 17.5°C, सुंदरनगर 24.0°C, भुंतर 22.3°C, कल्पा 8.4°C, सोलन 20.0°C और मनाली 15.6°C दर्ज किया गया। धूप निकलने से कुल्लू और लाहौल-स्पीति में लोगों को ठंड से राहत मिली।

पर्यटक मनाली से अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल तक फोर-बाय-फोर वाहनों में पहुंचे और बर्फ के बीच आनंद लिया। हालांकि पूर्व में हुई बर्फबारी और बारिश के कारण कुल्लू जिले में अभी भी 22 सड़कें बंद हैं, जबकि लाहौल में 150 से अधिक संपर्क सड़कें बहाल नहीं हो पाई हैं।

न्यूनतम तापमान (°C):
कुकुमसेरी -13.4, ताबो -10.6, कल्पा -1.0, मनाली 0.7, सोलन 3.0, कांगड़ा 4.7, धर्मशाला 5.1, मंडी 5.2, शिमला 5.6, बिलासपुर 6.0, ऊना 6.6, नाहन 9.3

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा सोच-समझकर करने की सलाह दी है।