Follow Us:

सुक्खू सरकार मनाएगी तीन साल का जश्न, मंडी में बड़े कार्यक्रम की तैयारी

➤ सुक्खू सरकार मनाएगी तीन साल का जश्न, 11 दिसंबर को मंडी में बड़े आयोजन की तैयारी
➤ सीएम सुक्खू ने सचिवालय में विभागीय सचिवों की बुलाई बैठक, मांगी तीन साल की उपलब्धियां
➤ पहले साल कांगड़ा और दूसरे साल बिलासपुर में मनाया था जश्न, इस बार मंडी संभावित स्थल


शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 11 दिसंबर को बड़े जश्न कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार की ओर से यह कार्यक्रम मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, वेन्यू को लेकर अंतिम निर्णय आज की बैठक में लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बुधवार को सचिवालय में विभागीय सचिवों की बैठक बुलाई है, जिसमें तीन साल की सरकारी उपलब्धियां जुटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इन उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा जा सके।

सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी डीसी मंडी को निर्देश जारी किए जा सकते हैं। इससे पहले सरकार ने पहले वर्ष का जश्न कांगड़ा में और दूसरे वर्ष का बिलासपुर में मनाया था।

11 दिसंबर 2022 को सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला रिज मैदान पर पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। इस वर्ष सरकार का तीसरा स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

सरकार ने सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियों का ऐलान किया था। हालांकि कुछ गारंटियों को लागू किया गया है, पर अब भी महिलाओं को 1500 रुपये भत्ता, सभी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम और एक लाख युवाओं को रोजगार जैसी घोषणाएं अधूरी हैं। वहीं दूध के दाम बढ़ाने और कई सामाजिक योजनाओं में सरकार ने प्रगति का दावा किया है।