Follow Us:

हिमाचल में तीन दिन तक साफ मौसम, तापमान में उछाल

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि, 16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ (WD) के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस विक्षोभ का आंशिक प्रभाव ही रहेगा, जिससे प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में 18 फरवरी तक हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

IMD के मुताबिक, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू जिलों की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने के आसार हैं, जबकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा।

तापमान में उछाल, ऊना में 28.6 डिग्री सेल्सियस

प्रदेश में पिछले दो दिनों से खिली धूप के कारण तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।

  • ऊना का अधिकतम तापमान 6.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 28.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
  • कांगड़ा का तापमान 5.2 डिग्री ज्यादा के साथ 24.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
  • नाहन का तापमान 4.9 डिग्री अधिक होकर 23.9 डिग्री रहा।
  • भुंतर में तापमान 4.8 डिग्री बढ़कर 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सर्दियों में 76% कम हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार सर्दी के मौसम में सामान्य से 76% कम बारिश हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 12 फरवरी तक सामान्य रूप से 122.1 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार मात्र 29.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।