हिमाचल में फ‍िर वेस्टर्न डिस्टरबेंस, जानें कब बारिश-बर्फबारी

|

  • 9 से 11 मार्च तक हिमाचल में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बारिश और बर्फबारी की संभावना।

  • मनाली, कुकुमसेरी, ताबो, भरमौर और कल्पा का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज।

  • केलांग का अधिकतम तापमान भी माइनस में, डलहौजी और नाहन में सामान्य से कम तापमान।



Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में 9 मार्च से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिससे 11 मार्च तक कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 9 मार्च को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा, जबकि 10 मार्च को मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। 11 मार्च को पूरे प्रदेश में खराब मौसम रहेगा और अधिक ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है।

मार्च के दूसरे सप्ताह में भी प्रदेशवासियों को ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। हालांकि, बीते 24 घंटों में दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई, लेकिन रात में मैदानी इलाकों में शीतलहर के कारण ठंड बनी रही।

मनाली, कुकुमसेरी, ताबो, भरमौर और कल्पा का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी में तापमान -12.5 डिग्री, ताबो में -10.2 डिग्री, मनाली में -0.9 डिग्री, भरमौर में -0.1 डिग्री और कल्पा में -4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

केलांग का अधिकतम तापमान भी माइनस में बना हुआ है। वहीं, डलहौजी का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री कम होकर 9.6 डिग्री, नाहन का तापमान 4.3 डिग्री की गिरावट के साथ 18.4 डिग्री और केलांग का अधिकतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है।