➤ हिमाचल के शहरी क्षेत्रों में आज 3 बजे से ड्राइ-डे लागू
➤ चुनाव प्रचार थमेगा, ठेके और बीयर बार रहेंगे बंद
➤ 17 मई को 51 निकायों में मतदान, 1147 उम्मीदवार मैदान में
➤ विस्तृत खबर
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव को लेकर आज से चुनावी माहौल पूरी तरह बदलने जा रहा है। राज्य के सभी शहरी क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद से अगले 48 घंटे तक ड्राइ-डे लागू रहेगा। इस दौरान शराब के ठेके और बीयर बार पूरी तरह बंद रहेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया है। एक्साइज विभाग को आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही शुक्रवार शाम तीन बजे के बाद चुनाव प्रचार का शोर भी थम जाएगा। अब कोई भी प्रत्याशी जलूस, ढोल-नगाड़ों या समर्थकों की भीड़ के साथ प्रचार नहीं कर सकेगा। उम्मीदवारों को केवल घर-घर जाकर व्यक्तिगत संपर्क के जरिए वोट मांगने की अनुमति रहेगी। चुनाव प्रचार थमने के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां भी शांत हो जाएंगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शनिवार को सभी पोलिंग पार्टियों को EVM मशीनें और चुनाव सामग्री हैंडओवर की जाएगी। इसके बाद पोलिंग टीमें अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मतदान केंद्रों की तैयारी पूरी करेंगी, ताकि 17 मई को सुबह समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो सके। प्रशासन ने मतदान को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
प्रदेश के 51 शहरी निकायों में 17 मई को सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। मतदान खत्म होने के बाद अधिकांश नगर परिषद और नगर पंचायतों में उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। इन चार नगर निगम चुनावों पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।
इस बार शहरी निकाय चुनावों में कुल 439 पदों के लिए 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला लगभग 3 लाख 80 हजार मतदाता करेंगे। इनमें 1,80,963 पुरुष, 1,79,882 महिला और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं।
नगर निगम चुनाव इस बार खास इसलिए भी माने जा रहे हैं क्योंकि चारों नगर निगमों में चुनाव पार्टी सिंबल पर हो रहे हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा दोनों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। राजनीतिक विश्लेषक इन चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले का “सेमीफाइनल” मान रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक कुछ वार्डों में पार्षद निर्विरोध भी चुने गए हैं। नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 1 और 3, नगर परिषद ज्वालामुखी के वार्ड नंबर 2, नगर पंचायत बंजार के वार्ड नंबर 6, नगर पंचायत रिवाल्सर के वार्ड नंबर 1, नगर पंचायत नेरवा के वार्ड नंबर 2, 3 और 4 तथा नगर पंचायत चिड़गांव के वार्ड नंबर 2 में उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित किए गए हैं।



