-
हिमाचल प्रदेश में 31 जनवरी, 1, 3, 4 व 5 फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना।
-
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते तापमान में गिरावट दर्ज, कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री कम।
-
अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री तक गिरेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभावित।
Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 31 जनवरी, 1, 3, 4 और 5 फरवरी को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। शिमला में धूप खिलने के बावजूद बादल छाए हुए हैं, जबकि बुधवार को कुल्लू, किन्नौर और रोहतांग में बर्फबारी हुई, जिससे अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, 2 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन आगामी 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि संभव है।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया है: शिमला 5.0°C, सुंदरनगर 6.2°C, भुंतर 5.1°C, कल्पा 1.0°C, धर्मशाला 5.2°C, ऊना 5.8°C, नाहन 7.3°C, पालमपुर 5.5°C, मनाली 5.1°C, कांगड़ा 8.2°C, मंडी 7.0°C, बिलासपुर 7.8°C, चंबा 6.3°C, डलहौजी 4.7°C, जुब्बड़हट्टी 6.6°C, कुकुमसेरी -0.8°C, भरमौर 3.9°C, सराहन 8.1°C और ताबो में -5.9°C दर्ज किया गया है।



