➤ मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट
➤ बिलासपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी
➤ कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री दर्ज
हिमाचल प्रदेश के मैदानी और कम ऊंचाई वाले कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर क्षेत्र में घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई, जबकि मंडी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
उधर, राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। प्रदेश के 12 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि राजधानी शिमला में रात का तापमान लगातार दूसरे दिन 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से काफी अधिक है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं होने के कारण ठंडी हवाएं कमजोर बनी हुई हैं। आमतौर पर दिसंबर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों और शिमला में सर्दी बढ़ जाती है, लेकिन इस बार बर्फ का इंतजार लंबा खिंचता नजर आ रहा है। इसका असर पर्यटन कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 19 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 20 और 21 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद 22 दिसंबर से मौसम फिर साफ होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला 11.4, सुंदरनगर 3.5, भुंतर 2.6, कल्पा 3.4, धर्मशाला 9.6, ऊना 7.5, नाहन 9.8, पालमपुर 7.0, सोलन 4.6, मनाली 3.9, कांगड़ा 5.6, मंडी 4.6, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 4.2, कुफरी 9.2, कुकुमसेरी -6.0, नारकंडा 7.1, रिकांगपिओ 5.5, ताबो -5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ऊना में प्रशासन की एडवाइजरी
घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ऊना ने एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त जतिन लाल ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धीमी गति, लो बीम लाइट, फॉग लाइट का सही उपयोग करें और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



