Follow Us:

कमजोर पड़ा वेस्टर्न डिस्टरबेंस, जानिए हिमाचल में कब तक धूप खिलने के हैं आसार

  • लाहौल-स्पीति में सीजन की पहली माइनस डिग्री ठंड, केलांग का पारा शून्य से 1.7 डिग्री नीचे लुढ़का

  • प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, मनाली और चंबा में दिन का पारा भारी गिरावट के साथ ठंडा

  • वेस्टर्न डिस्टरबेंस पड़ा कमजोर, 18 अक्टूबर से पूरे हिमाचल में मौसम साफ रहने का


हिमाचल प्रदेश में हालिया बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है और समूचे राज्य में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्यभर में तापमान में आई भारी गिरावट के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जबकि दिन के अधिकतम तापमान में सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस सीजन में पहली बार जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, लाहौल-स्पीति के केलांग में रात का पारा माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसैरी में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों के अलावा निचले व मध्यवर्ती इलाकों में भी सुबह और शाम के समय कंपकंपी बढ़ गई है। राज्य के आठ प्रमुख शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों ने अभी से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

दिन के पारे की बात करें तो सर्वाधिक गिरावट केलांग में देखी गई है, जहां अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री की भारी गिरावट के बाद मात्र 3.7 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया है। वहीं प्रमुख पर्यटन स्थल मनाली का दिन का पारा सामान्य से 9.9 डिग्री नीचे गिरकर 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त कुल्लू के भुंतर में 18 डिग्री, चंबा में 21.7 डिग्री और मंडी में 22.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है, जो सामान्य से काफी कम है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस अब कमजोर पड़ने लगा है। हालांकि 16 और 17 अक्टूबर को मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि ऊंचे क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। विभाग ने 18 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम के पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई है। इसके बाद 21 अक्टूबर तक राज्यभर में धूप खिलने और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी से ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।