Follow Us:

हिमाचल के 5 जिलों में यलो अलर्ट, अभी सताएगा मौसम, जानें बड़ा अपडेट

हिमाचल के 5 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी
अब तक बादल फटने की 22 घटनाएं, 85 लोगों की मौत हो चुकी
739 करोड़ की संपत्ति को नुकसान, 34 लोग अब भी लापता



Himachal rain alert: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन का असर कम जरूर हुआ है, लेकिन तबाही की तस्वीरें अब भी डराती हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार 10 जुलाई को प्रदेश के पांच जिलों – ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में मौसम साफ या हल्की फुहारों के आसार हैं। पूरा सप्‍ताह बारिश सता सकती है।

प्रदेश में बीते एक सप्ताह (2 से 9 जुलाई) के दौरान मानसून कमजोर रहा है। सामान्य से 24 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जहां सामान्यत: इस अवधि में 50.7 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार केवल 38.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार और शनिवार को भी प्रदेशभर में मौसम के मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं, जिससे पर्यटकों को राहत मिल सकती है। शिमला के रिज मैदान पर इन दिनों सुहावना मौसम सैलानियों को आकर्षित कर रहा है।

हालांकि बीते 24 घंटे में कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 106.0 मिमी वर्षा धौलाकुंआ में हुई। अन्य प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं –

  • शिमला: 10 मिमी

  • सुंदरनगर: 4 मिमी

  • नाहन: 2.3 मिमी

  • मंडी: 22 मिमी

  • नारकंडा: 13 मिमी

  • जुब्बड़हट्टी: 18 मिमी

मानसून सीजन (20 जून से 9 जुलाई) में अब तक प्रदेश में बादल फटने की 22 घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में अब तक 85 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें बादल फटने से 15, फ्लैश फ्लड से 8 और भूस्खलन से 1 की मौत हुई है। इसके अलावा 34 लोग लापता हैं जिनकी खोजबीन अभी भी सर्च ऑपरेशनों के जरिए जारी है।

बरसात के कहर से 404 पक्के मकान और 27 कच्चे मकान पूरी तरह ढह गए हैं, जबकि 751 पक्के और 223 कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही 877 गौशालाएं, 223 दुकानें और कई छोटे उद्योग भी नष्ट हो चुके हैं। कुल मिलाकर इस बरसात ने अब तक प्रदेश को 739 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान पहुंचाया है।

राज्य सरकार ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और प्रभावितों को राहत पहुंचाने की कोशिशें तेज़ कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने आम लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।