Follow Us:

हिमाचल सरकार ने गेहूं के बीज पर सब्सिडी घटाई, जानें

हिमाचल सरकार ने गेहूं के बीज पर सब्सिडी पांच रुपए प्रति किलो घटाई
अब किसानों को मिलेगा केवल 10 रुपए प्रति किलो का अनुदान
सब्सिडी में कटौती से किसानों में नाराजगी, मंडी में 16 हजार क्विंटल की डिमांड


हिमाचल प्रदेश सरकार ने गेहूं के बीज पर मिलने वाली सब्सिडी में इस बार पांच रुपए प्रति किलो की कटौती की है। बीते वर्ष तक यह 15 रुपए प्रति किलो थी, लेकिन इस बार राज्य सरकार से कृषि विभाग को कम बजट आवंटित होने के कारण अनुदान घटा दिया गया है। अब किसानों को प्रति किलो 10 रुपए की दर से सब्सिडी दी जाएगी।

कृषि विभाग ने प्रदेश के सभी 12 जिलों को 85 हजार क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध करवा दिया है। जिलों में इसका वितरण शुरू कर दिया गया है, ताकि किसान समय पर फसल की बुवाई शुरू कर सकें।

प्रदेश में करीब सवा दो लाख हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती होती है। इनमें कांगड़ा, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिले प्रमुख हैं। ऐसे में सब्सिडी में यह कटौती किसानों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

मंडी जिले में ही इस बार 16 हजार क्विंटल गेहूं बीज की मांग प्राप्त हुई है। कृषि उप निदेशक डॉ. रामचंद्र चौधरी ने बताया कि इसके मुकाबले अब तक 14 हजार क्विंटल बीज जिला मंडी पहुंच चुका है और इसे सभी ब्लॉक कार्यालयों को भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग किसानों को जौ, बरसीन, मटर और अन्य फसलों के बीज भी उपलब्ध करवा रहा है ताकि किसानों को विविध विकल्प मिल सकें।