➤ महिला कांग्रेस के पुनर्गठन की तैयारियाँ तेज, सुरभि वर्मा ने की वन-टू-वन बातचीत
➤ 2027 मिशन रिपीट के लिए रणनीति तैयार करेगी नई कार्यकारिणी
➤ जैनब चंदेल बोलीं—महिला कांग्रेस ने 2022 में जीत की नींव रखी, संगठन को और मजबूत किया जाएगा
हिमाचल प्रदेश में महिला कांग्रेस संगठन का जल्द पुनर्गठन होने जा रहा है। इसके लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रभारी सुरभि वर्मा शुक्रवार को शिमला पहुंचीं। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने नई कार्यकारिणी के गठन, महिला नेताओं की भूमिका और संगठन की मौजूदा स्थिति पर वन-टू-वन बातचीत की। वर्मा इस पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट तैयार कर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा को सौंपेंगी।सुरभि वर्मा को प्रदेश में चल रही चुनावी और संगठनात्मक प्रक्रिया के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी बनने से महिला कांग्रेस को संगठनात्मक रूप से मजबूती मिलेगी। साथ ही, प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकासात्मक कार्यों को जनता तक पहुँचाने में महिलाओं की भागीदारी को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए महिला कांग्रेस की भूमिका निर्णायक होगी और रणनीति उसी के अनुरूप तैयार की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में महिला कांग्रेस ने लगातार मजबूती से काम किया और कांग्रेस विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में महिला कांग्रेस ने बड़े पैमाने पर महिलाओं से संवाद स्थापित किया था, जिसका परिणाम प्रदेश में कांग्रेस सरकार के रूप में सामने आया।
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन स्वागतयोग्य कदम है, क्योंकि कांग्रेस विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में महिला कांग्रेस हमेशा अग्रिम मोर्चे पर रही है। चंदेल ने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और अनाथ बच्चों के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों को जनता तक ले जाने में महिला कांग्रेस लगातार सक्रिय रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने और 2027 के चुनावों के लिए रणनीति तय करने पर महिला कांग्रेस तेजी से काम करेगी।



