Follow Us:

चंबा में CM सुक्खू के दौरे की तैयारियों में जुटे युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष की करंट से मौत,झंडे लगाते समय हादसा

➤ CM सुक्खू के दौरे की तैयारियों के दौरान झंडे लगाते समय करंट की चपेट में आए युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष

➤ चंबा के होली में आधी रात को हुआ दर्दनाक हादसा, मौके पर ही चंद्रमणी कुलेठी ने तोड़ा दम

➤ भरमौर से कांग्रेस टिकट के मजबूत दावेदार थे कुलेठी, अंतिम संस्कार में खुद पहुंचेंगे मुख्यमंत्री


हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के दौरान एक युवा नेता की असमय जान चली गई। जनजातीय क्षेत्र भरमौर विधानसभा की होली घाटी में आधी रात को स्वागत की तैयारियों में जुटे हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी की बिजली का जोरदार करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय वह अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क किनारे पार्टी के झंडे और बैनर लगा रहे थे, तभी वह 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए। करंट इतना भीषण था कि कुलेठी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक हादसे की सूचना मिलते ही समूची घाटी सहित प्रदेश कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है।

चंद्रमणी कुलेठी अपने साथियों के साथ पोस्टर-झंडे लगाते हुए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का होली घाटी का दौरा तय था और पूरा प्रशासनिक अमला सहित संगठन के कार्यकर्ता उनके भव्य स्वागत की रूपरेखा तय कर रहे थे। युवा विंग के समर्पित नेता होने के नाते चंद्रमणी कुलेठी खुद जमीन पर उतरकर आधी रात करीब बारह बजे स्वागत द्वारों और खंभों पर पोस्टर-झंडे लगाने का काम देख रहे थे। अचानक लोहे की रॉड या गीले बांस के हाई वोल्टेज तारों से छू जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उन्हें बिजली का जोरदार झटका लगा और वह अचेत होकर गिर पड़े। साथियों ने आनन-फानन में उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुलेठी के निधन पर शोक जताया।

चंद्रमणी कुलेठी का यूं अचानक दुनिया से चले जाना उनके परिवार के लिए असहनीय वज्रपात साबित हुआ है। चंद्रमणी अपने बुजुर्ग माता-पिता की इकलौती संतान थे। पिता का हाल ही में एक बड़ा ऑपरेशन हुआ था और वे अभी पूरी तरह से स्वस्थ भी नहीं हो पाए थे कि जवान बेटे का साया छिन गया। लगभग चार वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था और उनका एक दो साल का मासूम बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घर के इकलौते चिराग की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजनों की चीत्कार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पूरा गांव और क्षेत्र गमगीन है तथा हर कोई इस अपूरणीय क्षति पर स्तब्ध है।

PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुलेठी के निधन पर शोक जताया।

राजनीतिक परिदृश्य की बात करें तो चंद्रमणी कुलेठी कांग्रेस संगठन की अग्रिम पंक्ति के जुझारू नेताओं में शुमार थे। वे पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बेहद करीबी माने जाते थे। आगामी चुनावों में उन्हें भरमौर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के सशक्त टिकट दावेदारों में गिना जा रहा था। वे राष्ट्रीय स्तर के आंदोलनों में भी काफी सक्रिय रहते थे। हाल ही में जयपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में भी वे गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिसकी तस्वीरें भी उन्होंने साझा की थीं।

हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने सभी तय औपचारिक कार्यक्रम स्थगित करते हुए स्वयं होली पहुंचकर दिवंगत नेता के अंतिम संस्कार में शामिल होने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक कर्मठ, निष्ठावान और होनहार युवा नेता खो दिया है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकेगी। पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से तकनीकी जांच कर रहा है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।


 ➤ युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी के असामयिक निधन पर कैबिनेट रैंक चेयरमैन आरएस बाली ने जताया गहरा शोक

➤ पार्टी ने खोया एक समर्पित और कर्मठ सिपाही, परिवार व समाज के लिए अपूरणीय क्षति करार

➤ दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार को संबल और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से की प्रार्थना


हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक आरएस बाली ने हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक और दर्दनाक निधन पर गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को कांग्रेस संगठन और समूचे प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति करार दिया है। गौरतलब है कि चंद्रमणि कुलेठी चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में पार्टी का कार्य करते हुए आधी रात को करंट की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कैबिनेट रैंक चेयरमैन आरएस बाली ने अपने शोक संदेश में कहा कि रात के समय संगठन का दायित्व निभाते हुए भाई चंद्रमणि कुलेठी के इस तरह चले जाने की खबर अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि चंद्रमणि पार्टी के एक बेहद समर्पित और कर्मठ युवा साथी थे, जो संगठन के हर कार्य को पूरी निष्ठा, ऊर्जा और लगन के साथ पूरा करते थे। उनके जाने से न केवल कांग्रेस परिवार ने अपना एक जुझारू सिपाही खोया है, बल्कि समाज और युवा राजनीति को भी बहुत बड़ा आघात लगा है।

आरएस बाली ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में घर के इकलौते बेटे का चले जाना अत्यंत दुखदाई है और परिवार पर टूटे इस दुखों के पहाड़ को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दुख की इस विकट घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं शोकाकुल परिजनों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

विधायक आरएस बाली ने सर्वशक्तिमान ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार, माता-पिता, पत्नी एवं उनके मासूम बच्चे को इस असहनीय व अपार पीड़ा को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल दें।