Follow Us:

हिमाचल के आरव ठाकुर ने NEET 2025 में मारी बाजी, ऑल इंडिया रैंक 500

बिलासपुर के आरव ठाकुर ने NEET UG 2025 में हिमाचल टॉप किया, ऑल इंडिया रैंक 500

आरव को 720 में से 619 अंक, साथ ही JEE में 99.29 परसेंटाइल

 NEET की काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, सरकारी MBBS सीटों की कटऑफ 660+ रहने की संभावना


NEET 2025 Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के हटवाड़ गांव निवासी आरव ठाकुर ने प्रदेश में टॉप कर एक मिसाल कायम की है। आरव को 720 में से 619 अंक प्राप्त हुए हैं और उनकी ऑल इंडिया रैंक (AIR) 500 है।

आरव की इस शानदार सफलता के बाद उनके घर में उत्सव जैसा माहौल है। बधाई देने वालों की भीड़ लगी हुई है। आरव ने यह सफलता चार वर्षों की कड़ी मेहनत और बिलासपुर स्थित एक कोचिंग अकादमी की सहायता से प्राप्त की। खास बात यह है कि आरव अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी बड़ी बहन को देते हैं, जो MBBS की पढ़ाई कर रही हैं।

आरव के माता-पिता शिक्षक हैं – पिता जगदीप ठाकुर फिजिक्स लेक्चरर हैं और मां सपना ठाकुर टीजीटी नॉन मेडिकल। दोनों शिक्षा जगत से जुड़े होने के कारण आरव को पढ़ाई का उचित वातावरण मिला। आरव खुद रात को तीन बजे तक पढ़ाई करते थे, और उनका समर्पण आज रंग लाया है।

दिलचस्प बात यह है कि आरव ने NEET के साथ-साथ JEE Mains भी पास किया है और उसमें 99.29 परसेंटाइल स्कोर किया है। यानी अब उनके पास मेडिकल और इंजीनियरिंग दोनों का विकल्प है। हालांकि उन्होंने कहा कि उनका झुकाव इंजीनियरिंग की ओर थोड़ा अधिक है, लेकिन अंतिम निर्णय सोच-समझकर लिया जाएगा।

अब बात करें NEET UG 2025 की तो यह परीक्षा 4 मई को देशभर के 5000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इस परीक्षा को क्लियर करने वाले स्टूडेंट्स को MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्सेस में एडमिशन मिलेगा। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) 15% अखिल भारतीय कोटा (AIQ) के तहत और 85% राज्य कोटा के तहत एडमिशन की प्रक्रिया संचालित करेगी।

काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। छात्रों को MBBS और BDS दोनों विकल्पों के लिए एक साथ आवेदन करना होगा और चॉइस फिलिंग के दौरान प्राथमिकता तय करनी होगी। काउंसलिंग AIQ राउंड 1 से शुरू होगी, फिर स्टेट काउंसलिंग राउंड होगा।

एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस वर्ष सरकारी MBBS कॉलेज में एडमिशन के लिए जनरल कैटेगरी का कटऑफ स्कोर 660-670 तक जा सकता है, जबकि रिजर्व कैटेगरी के लिए यह 590-600 तक रह सकता है। BDS के लिए कटऑफ स्कोर 500+ रहने की संभावना है। जिन छात्रों को भारत में सीट नहीं मिलेगी, उनके लिए विदेशी मेडिकल कॉलेज एक सस्ता और गुणवत्तापूर्ण विकल्प बनकर उभरे हैं।