Follow Us:

हिमाचल के पहले DGP आई.बी. नेगी का 93 वर्ष की उम्र में निधन

Former DGP I.B. Negi: हिमाचल प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक (DGP) और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आई.बी. नेगी का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनका जीवन अनुशासन, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक रहा

31 अक्टूबर 1932 को किन्नौर जिले के सांगला गांव में जन्मे नेगी 1958 बैच के प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी थे और उत्तर प्रदेश कैडर से जुड़े थे। अपने लंबे और शानदार करियर में उन्होंने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं

आई.बी. नेगी हिमाचल प्रदेश से यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर बनने वाले पहले डायरेक्ट आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के ADC के रूप में कार्य किया और नैनीताल व लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश CID, लखनऊ में भी अपनी सेवाएं दीं

उनका कार्यक्षेत्र केवल नागरिक पुलिस तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने आईटीबीपी और एसएसबी जैसे अर्धसैनिक बलों में भी योगदान दिया। उन्होंने एनईएफए (वर्तमान अरुणाचल प्रदेश) में सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का सफल नेतृत्व किया। इसके अलावा, वह सीआईएसएफ, बोकारो के डीआईजी भी रहे

आई.बी. नेगी के निधन से पुलिस और सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आई.बी. नेगी की सेवाओं को पुलिस विभाग सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने आई.बी. नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक आई.बी. नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। किन्नौर जिला से सम्बंधित आई.बी. नेगी का आज शिमला में निधन हुआ। वह 93 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आई.बी. नेगी ने पुलिस में विभिन्न पदों पर बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि वह एक उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी थे और पुलिस विभाग उनकी अतुलनीय सेवाओं को सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है।