➤ रणवीर सिंह स्टारर फिल्म की सफलता में हिमाचल की अभिनेत्री हितिका बाली की चर्चा
➤ छोटे रोल में भी दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में बनाई खास जगह
➤ कुमारसैन की रहने वाली हितिका ने मॉडलिंग से फिल्मों तक तय किया सफर
बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की सफलता के साथ ही हिमाचल प्रदेश की उभरती अभिनेत्री हितिका बाली का नाम सुर्खियों में आ गया है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए इतिहास रचा है, वहीं हितिका ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।
फिल्म में हितिका बाली ने जसकीरत सिंह रांगी की छोटी बहन हरलीन कौर रांगी का किरदार निभाया है। भले ही उनका स्क्रीन टाइम सीमित रहा, लेकिन उन्होंने अपने किरदार में ऐसी गहराई और भावनात्मक अभिव्यक्ति दिखाई कि दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने उनकी सराहना की। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अभिनय की ताकत बड़े रोल की मोहताज नहीं होती।
शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र से संबंध रखने वाली हितिका बाली का जन्म 28 नवंबर 1999 को हुआ। वह जंजैली पंचायत के चेकुल गांव की निवासी हैं। एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर ग्लैमर की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी हितिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय जाखू से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और इसके बाद चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर ऑनर्स में स्नातक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने मॉडलिंग और अभिनय के प्रति अपने जुनून को भी जारी रखा।
हितिका ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी फिल्म मधनियां से की थी। इसके बाद वह कई म्यूजिक वीडियो और स्टेज शो में नजर आईं। वर्ष 2023 में मिस हिमाचल का खिताब जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि इससे पहले वह मिस ग्लोबल यूथ का ताज भी अपने नाम कर चुकी हैं।
आज हितिका बाली हिमाचल की उन युवा प्रतिभाओं में शामिल हो गई हैं, जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।



