➤ होलिका दहन आज, भद्रा शाम 05:55 से सुबह 05:28 तक
➤ प्रदोष काल में भद्रा, इसलिए देर रात होगा दहन
➤ सोमवार व्रत के साथ शिव पूजन का विशेष संयोग
आज 2 मार्च 2026 को होलिका दहन का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इसे छोटी होली भी कहा जाता है। पंचांग के अनुसार आज फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी तिथि सायं 05:55 बजे तक रहेगी, इसके बाद पूर्णिमा तिथि प्रारंभ होगी। विशेष बात यह है कि आज शाम 05:55 बजे से अगले दिन सुबह 05:28 बजे तक भद्रा का साया रहेगा। ऐसे में प्रदोष काल में भद्रा होने के कारण होलिका दहन देर रात किया जाएगा।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज अश्लेशा नक्षत्र प्रातः 07:51 बजे तक रहेगा, इसके बाद मघा नक्षत्र प्रारंभ होगा। दिन में अतिगण्ड योग दोपहर 12:19 बजे तक है, इसके बाद सुकर्मा योग बनेगा। वणिज करण सायं 05:55 बजे तक रहेगा और इसके बाद विष्टि करण लगेगा। चंद्रमा आज कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेगा।
होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र प्रह्लाद को भगवान विष्णु की भक्ति से रोकने के लिए अनेक प्रयास किए। अंत में उसने अपनी बहन होलिका को आदेश दिया, जिसे अग्नि से न जलने का वरदान था। किंतु अधर्म के कारण होलिका स्वयं भस्म हो गई और प्रह्लाद सुरक्षित रहे। इसी घटना की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है।
आज का दिन सोमवार होने से शिव पूजा का भी विशेष महत्व है। व्रती प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, शहद, घी और चंदन अर्पित करें। ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करते हुए विधि-विधान से पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है।
होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रात्रि 12:50 से 02:02 मिनट तक रहेगा।
ब्रह्म मुहूर्त 05:06 ए एम से 05:56 ए एम तक है।
अभिजित मुहूर्त 12:10 पी एम से 12:57 पी एम तक रहेगा।
विजय मुहूर्त 02:29 पी एम से 03:16 पी एम तक है।
गोधूलि मुहूर्त 06:19 पी एम से 06:44 पी एम तक रहेगा।
निशिता मुहूर्त 12:08 ए एम से 12:58 ए एम, 3 मार्च तक है।
रवि योग 06:45 ए एम से 07:51 ए एम तक रहेगा।
सूर्योदय 06:45 ए एम पर और सूर्यास्त 06:21 पी एम पर होगा।
चंद्रोदय 05:20 पी एम पर और चंद्रास्त 06:33 ए एम, 3 मार्च को होगा।
आज का राहुकाल प्रातः 08:15 ए एम से 09:42 ए एम तक रहेगा।
पूर्व दिशा में दिशाशूल है, अतः यात्रा से बचना शुभ माना गया है।



