➤ आज सुबह 11 बजे जारी होगा हिमाचल बोर्ड 10वीं का रिजल्ट
➤ इस बार 93,564 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
➤ 10वीं-12वीं के सर्टिफिकेट अब आधार कार्ड से होंगे लिंक
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला आज यानी 10 मई को 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने शनिवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
बोर्ड के अनुसार 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम रविवार सुबह 11:00 बजे जारी किया जाएगा। प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थी और अभिभावक बेसब्री से इस रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। विद्यार्थी अपना रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से आसानी से देख सकेंगे।
इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में कुल 93,564 विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। बोर्ड की परीक्षाएं 3 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित की गई थीं। वहीं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल तक चली थीं। प्रदेशभर में इन परीक्षाओं के लिए कुल 384 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद 5 अप्रैल से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू किया गया था। बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रदेशभर में करीब 41 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए थे। यहां 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए लगभग 5,000 शिक्षकों की ड्यूटियां लगाई गई थीं।
इस बीच स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एक और बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। अब 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रमाण पत्रों को आधार कार्ड से लिंक किया जाएगा। बोर्ड का मानना है कि इससे फर्जी प्रमाण पत्रों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और विद्यार्थियों को डुप्लीकेट सर्टिफिकेट प्राप्त करने में आसानी होगी।
जानकारी के अनुसार शिक्षा बोर्ड जल्द ही इस नई डिजिटल व्यवस्था को लागू करेगा। इससे प्रमाण पत्रों की सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक मजबूत और पारदर्शी हो जाएगी।
उधर, रिजल्ट जारी होने से पहले विद्यार्थियों में उत्साह और तनाव दोनों देखने को मिल रहा है। कई छात्र अपने भविष्य की पढ़ाई और करियर को लेकर रिजल्ट को बेहद अहम मान रहे हैं।



