Follow Us:

बिजली बोर्ड कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी सौगात, अब मिलेगा 1.5 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर

43 हजार बिजली बोर्ड कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा कॉरपोरेट सैलरी पैकेज का लाभ

30 लाख से 1.50 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, सात बैंकों के साथ हुआ समझौता

बोर्ड पर नहीं पड़ेगा अतिरिक्त वित्तीय बोझ, कर्मचारी अपनी पसंद का बैंक चुन सकेंगे


हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के करीब 43 हजार कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को वित्तीय सुरक्षा और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। अब उन्हें कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत 30 लाख रुपये से लेकर 1.50 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस पूरी व्यवस्था से बिजली बोर्ड पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।

इस नई पहल के तहत मंगलवार को शिमला स्थित विद्युत भवन में बिजली बोर्ड और सात प्रमुख बैंकों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष प्रबोध सक्सेना, निदेशक (वित्त) श्रवण कुमार मांटा, कार्यकारी निदेशक (कार्मिक) ईशा ठाकुर, मुख्य लेखा परीक्षक अर्जुन सिंह ठाकुर तथा विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के लिए पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक और कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक को शामिल किया गया है। कर्मचारियों और पेंशनरों को अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार इनमें से किसी भी बैंक का पैकेज चुनने की स्वतंत्रता होगी।

बोर्ड अध्यक्ष प्रबोध सक्सेना ने कहा कि बिजली क्षेत्र के कर्मचारी कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

निदेशक (वित्त) श्रवण कुमार मांटा ने बताया कि कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और टर्म लाइफ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। बीमा कवर की राशि संबंधित बैंक और वेतन श्रेणी के आधार पर 30 लाख रुपये से 1.50 करोड़ रुपये तक होगी। इसके अतिरिक्त कई अन्य विशेष बैंकिंग लाभ भी दिए जाएंगे।

बोर्ड ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अपने मौजूदा बैंक खातों को कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट में अपग्रेड करने अथवा सहभागी बैंकों में स्थानांतरित करने का विकल्प भी दिया है। इससे वे अपनी जरूरत के अनुसार अधिक लाभकारी बैंकिंग पैकेज का चयन कर सकेंगे।