Follow Us:

12वीं पास युवाओं के लिए पुलिस भर्ती का सुनहरा मौका, 6 अगस्त तक करें आवेदन

हिमाचल पुलिस में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती, 10 जुलाई से आवेदन शुरू
12वीं पास युवा 6 अगस्त तक ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन
18 से 27 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका, चयनितों को लेवल-3 वेतनमान


शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस में खाकी वर्दी पहनकर सेवा देने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग (HPPSC) ने पुलिस कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें 491 पद पुरुषों और 243 पद महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।

आयोग की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अंतिम तिथि के बाद आवेदन लिंक स्वतः बंद हो जाएगा।

चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-3 वेतनमान के तहत 20,200 रुपये से 64,000 रुपये तक वेतन मिलेगा। लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए यह भर्ती सुनहरा अवसर मानी जा रही है।

भर्ती के लिए अभ्यर्थी का 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य नियमों के अनुसार यह शिक्षा हिमाचल प्रदेश के मान्यता प्राप्त स्कूल या संस्थान से प्राप्त होनी चाहिए। हालांकि बोनाफाइड हिमाचली अभ्यर्थियों को इस शर्त में नियमानुसार छूट प्रदान की गई है।

आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।

  • सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग: 18 से 25 वर्ष।
  • एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग: 18 से 27 वर्ष।
  • होमगार्ड अभ्यर्थी: अधिकतम 28 वर्ष।

शारीरिक मापदंड: भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक मापदंड भी अनिवार्य होंगे।

पुरुष अभ्यर्थियों के लिए:

  • सामान्य और ओबीसी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 5 फुट 6 इंच
  • एससी-एसटी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 5 फुट 4 इंच
  • सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए सीना 31–32 इंच
  • एससी-एसटी वर्ग के लिए सीना 29–30 इंच

महिला अभ्यर्थियों के लिए:

  • सामान्य और ओबीसी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 5 फुट 2 इंच
  • एससी-एसटी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 5 फुट निर्धारित की गई है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें तथा भर्ती से संबंधित सभी नियमों और पात्रता शर्तों का ध्यानपूर्वक पालन करें।