Follow Us:

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को 20 दिसंबर को मिलेगा नया अध्यक्ष, पांच प्रमुख पदों के होंगे चुनाव

➤ 20 दिसंबर को एचपीसीए की नई कार्यकारिणी के लिए आधिकारिक चुनाव
➤ 19 दिसंबर को अध्यक्ष सहित पांच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया
➤ लोढा समिति के नियमों के तहत कार्यकारिणी में नए चेहरों की एंट्री संभव


हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को 20 दिसंबर को आधिकारिक तौर पर नया अध्यक्ष मिल जाएगा। एचपीसीए की ओर से उसी दिन नई कार्यकारिणी के चुनाव करवाए जाएंगे, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव के पद शामिल हैं। इसके साथ ही एपेक्स काउंसिल के तीन सदस्यों का भी चुनाव किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, एचपीसीए की मौजूदा कार्यकारिणी का तीन साल का कार्यकाल 30 अक्तूबर को पूरा हो चुका था। हालांकि, धर्मशाला में भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के आयोजन के कारण उस समय चुनाव प्रक्रिया नहीं हो सकी थी। मैच संपन्न होने के बाद अब चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।

चुनाव कार्यक्रम के तहत 19 दिसंबर को पांचों पदों के लिए नामांकन पत्र भरे जाएंगे। यदि किसी पद पर केवल एक ही नामांकन प्राप्त होता है, तो उस उम्मीदवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। वहीं, किसी पद पर एक से अधिक नामांकन आने की स्थिति में 20 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा।

गौरतलब है कि एचपीसीए की मौजूदा कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद लंबे समय से खाली चल रहा है। ऐसे में इस चुनाव को एसोसिएशन के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार तीन से चार नए चेहरों को कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है।

लोढा समिति के नियमों के अनुसार कोई भी सदस्य अधिकतम छह वर्ष तक कार्यकारिणी में रह सकता है, जिसके बाद उसे कूलिंग पीरियड में जाना होता है। वर्तमान कार्यकारिणी में दो सदस्य ऐसे हैं, जो छह साल पूरे कर चुके हैं, जबकि दो सदस्यों का कार्यकाल अभी तीन वर्ष का ही है। ऐसे में इस बार कार्यकारिणी में बदलाव तय माने जा रहे हैं।

एचपीसीए सचिव अवनीश परमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि 20 दिसंबर को चुनाव कराए जाएंगे और 19 दिसंबर को नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी। यदि किसी पद पर एक से अधिक नामांकन आते हैं, तो मतदान कराया जाएगा।