Follow Us:

HPPSC ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल के आरोप खारिज किए

➤एचपीपीएससी ने नकल के आरोपों को किया खारिज
➤सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों को बताया भ्रामक
➤कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, जांच में नहीं मिला कोई प्रमाण



हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने 15 जून को आयोजित हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल और धोखाधड़ी के आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। आयोग ने साफ किया है कि परीक्षा उच्चतम सुरक्षा मानकों और पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई थी और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही नकल की अफवाहें निराधार और भ्रामक हैं।

गौरतलब है कि परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और पोस्ट वायरल हुए, जिनमें यह दावा किया गया कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल हुई है। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने सीसीटीवी फुटेज, केंद्रों की रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच की। लेकिन अब तक की जांच में कहीं से भी नकल या अनुचित साधन के प्रयोग का कोई प्रमाण नहीं मिला है।

आयोग के अनुसार, न तो जिला प्रशासन, न केंद्र अधीक्षकों और न ही पर्यवेक्षण अधिकारियों की ओर से किसी भी तरह की नकल की पुष्टि की गई है। जिन परीक्षा केंद्रों पर संदेह जताया गया था, वहां की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई, लेकिन वह भी पूरी तरह साफ पाई गई।

HPPSC ने चेतावनी दी है कि अफवाहें फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों और आम जनता से अपील की है कि आयोग की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भरोसा रखें। यदि किसी को कोई ठोस शिकायत है तो वे आयोग से सीधे संपर्क करें। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत की निष्पक्षता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।