➤ हिमाचल राज्य सहकारी बैंक में जूनियर क्लर्क के 91 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
➤ ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 29 मई, आईबीपीएस के माध्यम से होगी परीक्षा
➤ पीएसीएस और ओसीएस कोटे के तहत नियमित आधार पर भरे जाएंगे पद
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में जूनियर क्लर्क के 91 पदों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भर्ती प्रक्रिया आईबीपीएस मुंबई के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 29 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों में सबसे अधिक 74 पद पीएसीएस कोटे के तहत भरे जाएंगे। यह कोटा प्रदेश की प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के प्रशिक्षित सचिवों के लिए आरक्षित रखा गया है। शेष पद ओसीएस कोटे के तहत भरे जाएंगे। भर्ती नियमित आधार पर की जाएगी।
पीएसीएस कोटे में सामान्य वर्ग के लिए 19, ईडब्ल्यूएस के लिए 7, एससी के लिए 12, एसटी के लिए 2 और ओबीसी के लिए 11 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पूर्व सैनिक, आईआरडीपी और वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग आरक्षण रखा गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी 3 पद आरक्षित किए गए हैं।
बैंक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। वहीं ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी, आईआरडीपी, बीपीएल, अंत्योदय और सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये तय किया गया है।
भर्ती परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के करीब 5 से 6 सप्ताह बाद परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा तिथि की सूचना बैंक की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब सात दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि परीक्षा परिणाम लगभग 15 दिन बाद घोषित होने की संभावना है।
ओसीएस कोटे के तहत भी जूनियर क्लर्क के पद भरे जाएंगे। इस श्रेणी में सामान्य वर्ग के लिए 6, ईडब्ल्यूएस के लिए 2, एससी के लिए 2, एसटी के लिए 1 और ओबीसी वर्ग के लिए 2 पद निर्धारित किए गए हैं।



