Follow Us:

दीपावली पर एचआरटीसी की सौगात, दिल्ली-चंडीगढ़ से 150 स्पेशल बसें

`

➤ दीपावली पर एचआरटीसी ने चलाई 150 स्पेशल बसें दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए
अजय वर्मा बोले—हिमाचल वासियों को सुरक्षित घर पहुंचाना निगम की प्राथमिकता
कांगड़ा बाईपास से मटौर तक सड़क निर्माण कार्य 18 अक्टूबर से होगा शुरू



हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी पहल की है। निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि दीपावली पर घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए एचआरटीसी ने दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से 150 स्पेशल बसें चलाने का निर्णय लिया है।

अजय वर्मा ने सभी हिमाचल वासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के हजारों लोग दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी जैसे औद्योगिक व शहरी क्षेत्रों में कार्यरत हैं। त्योहार के मौके पर सभी लोग अपने घर परिवार के साथ त्यौहार मनाने के इच्छुक रहते हैं, इसलिए एचआरटीसी ने समय पर यात्रियों को घर पहुंचाने का दायित्व अपने कंधों पर लिया है।

उन्होंने बताया कि निगम ने 17, 18 और 19 अक्टूबर को विशेष रूप से ये बसें चलाई हैं। इनमें से दिल्ली के लिए 84 बसें, चंडीगढ़ के लिए 55 बसें और बद्दी के लिए लगभग 10 बसें निर्धारित की गई हैं। अजय वर्मा ने बताया कि त्योहार के सीजन में अधिकांश रूट की बसों की ऑनलाइन बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है, फिर भी जो लोग अभी बुकिंग कराना चाहते हैं, वे इन स्पेशल बसों का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि यात्रियों की मांग बढ़ती है, तो निगम की ओर से अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी ताकि किसी यात्री को असुविधा न हो। यह पहल न केवल यात्रियों की सुविधा के लिए बल्कि सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

अजय वर्मा ने कांगड़ा में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि कांगड़ा बाईपास से मटौर तक की सड़क के निर्माण कार्य को लेकर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर (शनिवार) से इस सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी। इसके लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है।

उन्होंने कहा कि सड़क के निर्माण से न केवल कांगड़ा शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को आवागमन में भी बड़ी सुविधा मिलेगी।