Follow Us:

सैंकड़ों कर्मचारियों ने नई पेंशन स्कीम के विरोध में की गेट मीटिंग

पी.चंद, शिमला |

नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में आज 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय में लंच टाइम में गेट मीटिंग की गई। यह गेट मीटिंग प्रदेश के 10 हजार से अधिक स्थानों पर की  गई। नई पेंशन और पुरानी पेंशन में आने वाले सभी कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए इन सभी गेट मीटिंग में भाग लिया। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयास और भविष्य में संगठन की रणनीति बारे चर्चा की गई। कर्मचारियों को नई पेंशन की खामियों से भी अवगत करवाया गया।  सभी कर्मचारियों के सुझाव के पश्चात पुरानी पेंशन बहाली के लिए कुछ महत्वपूर्ण कदम भविष्य में उठाए जाएंगे। देशभर में नई पेंशन के खिलाफ आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बंधु के नेतृत्व में कर्मचारी अपनी आवाज आए दिन बुलंद कर रहे हैं।

एनएमओपीएस के नेतृत्व में पूरे देश के कर्मचारी एकजुट है और पुरानी पेंशन बहाली के लिए पूरे देश भर में आंदोलन को तेज कर रहे हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश में भी पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन को गति देने के लिए आज गेट मीटिंग का आयोजन पूरे प्रदेश भर में किया गया।  उन्होंने कहा कि गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारियों द्वारा 24 नवंबर को होने वाली पेन डाउन स्ट्राइक के बारे भी रणनीति बनाई।  24 नवंबर को संगठन द्वारा पूरे हिमाचल प्रदेश के कर्मचारी 11:00 से 1:00 बजे के बीच पेन डाउन स्ट्राइक में रहेंगे, जिसमें सभी पुरानी पेंशन में आने वाले कर्मचारी भी संगठन कि इस जायज मांग को सही मानते हुए उनका सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

प्रदीप ठाकुर ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की पीड़ा को समझते हुए तुरंत पुरानी पेंशन बहाली के लिए अपने किए वादे के अनुसार कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। मृत्यु और अपंगता पर केंद्र सरकार की अधिसूचना को तुरंत लागू करना चाहिए। माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने बजट भाषण में 2003 और 2017 के बीच के कर्मचारियों के लिए ग्रेजुएटी की घोषणा की है। इस अधिसूचना को शीघ्र लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने मन बना लिया है कि वह भविष्य में पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन को तेज करेंगे। यदि 24 नवंबर की पेन डाउन स्ट्राइक से भी सरकार नहीं जागती तो भविष्य में अपनी मांग मनवाने के लिए कर्मचारी और बड़े आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की रहेगी।

प्रदीप ठाकुर ने सभी कर्मचारियों का गेट मीटिंग को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया तथा 24 नवंबर की पेन डाउन स्ट्राइक को भी इसी तरह सफल बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया कि वह संगठन के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं और कर्मचारियों को उन्होंने आश्वासन भी दिया है कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे सरकार को मजबूर होकर कर्मचारियों की पेंशन बहाल करनी पड़ेगी।