कोटी कॉलेज के भवन के निर्माण में देरी से खफा किसान सभा ने सोमवार को कोटी चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में किसान सभा के राज्याध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने ऐलान किया कि अगर दो हफ्ते के अंदर कॉलेज भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो किसान सभा निदेशक शिक्षा के कार्यालय पर धरना देगी।
डॉ. तंवर ने कहा कि कोटी कॉलेज के साथ घोषित हुए अन्य कॉलेजों के भवन तैयार हो चुके हैं जबकि कोटी कॉलेज भवन अभी नींव से ऊपर नहीं उठ पाया है। उन्होंने इसके लिए शिक्षा विभाग के साथ–साथ विधायक और सरकार को भी दोषी ठहराया।
डॉ. तंवर का कहना है कि ऐसा लगता है कि सत्ताधारी कसुंपटी क्षेत्र के भविष्य को उच्च शिक्षा से वंचित रखना चाहते हैं। वहीं कोटी पंचायत के पूर्व प्रधान बलदेव पुरी ने कहा कि जन सरोकार के मुद्दे पर सभी को राजनीति से ऊपर उठकर सभी को साथ आना चाहिए। पुरी ने कॉलेज भवन का मुद्दा उठाने के लिए किसान सभा का आभार जताया। प्रदर्शन को 88 वर्षीय पीरन पंचायत के पूर्व प्रधान बालकराम निर्मोही, सेवानिवृत प्रधानाचार्य उमाशंकर शर्मा, सेहाजराम वर्मा ने भी संबोधित किया।



