Follow Us:

DC ऑफिस के बाहर गद्दी समुदाय का विरोध प्रदर्शन, CM और सुधीर के खिलाफ नारेबाजी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

गद्दी समुदाय को लेकर हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे पर गद्दी लोगों से हुई मारपीट पर समुदाय के लोगों ने गुरुवार को सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कोतवाली बाजार से डीसी ऑफिस तक रैली निकाली। रैली में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सुधीर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने SHO मैक्लोडगंज को बर्खास्त करने की मांग की।

इस रैली में बीजेपी नेता और पूर्व विधायक किशन कपूर ने भी गद्दी लोगों का साथ दिया और डीसी ऑफिस का घेराव किया। कपूर ने कहा कि निहत्थे लोगों के साथ पुलिस ने ऐसा व्यवहार किया, उपर से मुख्यमंत्री कहते हैं कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। इस प्रकार की बर्बता गद्दी समुदाय क्या कोई भी सहन नहीं करेगा। 

वहीं, एसपी कांगड़ा रमेश छाजटा ने कहा कि इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बल का प्रयोग जान बूझ कर किया या नहीं इसकी भी जांच की जाएगी। इस दौरान डीसी कांगड़ा के माध्यम से न्यायिक जांच करवाने के लिए राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा गया। 

क्या है पूरा मामला…

मुख्यमंत्री वीरभद्र से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पर बयान दिया था कि वह तो केवल अध्यक्ष हैं और अध्यक्ष तो गद्दी सभा के भी होते हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद से गद्दी समुदाय के लोगों में आक्रोश है और लोग मुख्यमंत्री से माफीनामे की बात कर रहे हैं। हद तो तब हो गई जब मुख्यमंत्री के कांगड़ा दौरे में गद्दी समुदाय के लोगों पर पुलिस ने डंडे बरसा दिये। 

मुख्यमंत्री के सामने मैक्लोडगंज दौरे पर गद्दी समुदाय के लोगों ने विरोध किया और गो-बैक के नारे लगाए। इस पर जब पुलिस को मुख्यमंत्री की आलोचना सहन नहीं हुई तो उन्होंने लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया जिसमें करीब 7 लोग घायल हो गए। यही नहीं, समुदाय के लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार तक कर लिया। लेकिन, अब पुलिस प्रशासन इस बात से पल्ला झाड़ रहा है कि पुलिस ने ऐसा कुछ नहीं किया। लोगों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था जिसके बाद यह घटनाक्रम हुआ।