Follow Us:

‘हिमाचल पुलिस विभाग में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी’

|

हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रमुख ( DGP) संजय कुंडू ने कहा कि हिमाचल पुलिस विभाग में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया जा रहा है। पहले 13 फ़ीसदी महिलाओं को पुलिस में भर्ती किया जा रहा था। लेकिन इस मर्तबा ये कोटा बढ़ाकर 25 फ़ीसदी किया गया है। वहीं, एसएचओ की भर्ती में भी महिलाओं को 25 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

डीजीपी ने बताया कि महिला अफसरों के साथ पुलिस का अनुभव बहुत अच्छा रहा है। पिछले तीन सालों के दौरान शिमला किन्नौर और मंडी को छोड़कर सभी जिलों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में कमी दर्ज की गई है।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में कुल 138 पुलिस थाने हैं। जो अपराधों से निपटने के लिए बनाए गए हैं। इन थानों में 11 महिला थाने शामिल हैं। हिमाचल के 13 पुलिस जिलों में से किंन्नौर और स्पिति को छोड़कर 11 पुलिस जिलों में महिला थाने बनाएं गए है। 138 थानों में से 12 थानों में महिला पुलिस प्रभारी (SHO) तैनात हैं।

हिमाचल में रेंज स्तर की 1 महिला अफसर, जिला पुलिस अधीक्षक (SP) 3 जिलों में तैनात हैं जबकि 1 जिला में महिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तैनात है। उप-मंडल पुलिस अधिकारी (DSP) 5 तैनात हैं। हिमाचल में तीन जिलों को छोड़कर अन्य जिलों में अपराध कम हुए हैं। इतना ही नहीं जहां महिला पुलिस अधिकारी तैनात हैं वहां भी अपराधों में कमी आई है।