Follow Us:

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव: सांस्कृतिक संध्या व वॉयस ऑफ शिवरात्रि के लिए ऑडिशन 19 फरवरी से, यहां हासिल करें जानकारी

Cultural Nights at Shivratri Festival:  अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 की सांस्कृतिक संध्याओं और वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन 19 से 23 फरवरी तक मंडी के पड्डल मैदान स्थित टेबल टेनिस हॉल में प्रातः 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार 18 फरवरी तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने के नियम व प्रक्रिया



अतिरिक्त उपायुक्त एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम उप-समिति के अध्यक्ष रोहित राठौर ने बताया कि वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता में बॉलीवुड, लोकगीत, हिमाचली, इंडी, शास्त्रीय, फ्यूजन जैसी गायन विधाओं में भाग लिया जा सकता है। इसमें केवल एकल (सोलो) प्रदर्शन की अनुमति होगी और युगल या समूह गायन को शामिल नहीं किया जाएगा। प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 16 वर्ष होनी चाहिए।

ऑडिशन में चयनित प्रतिभागी ही अगले चरण में प्रवेश कर सकेंगे। निर्णायक मंडल स्वर की गुणवत्ता, सुरों पर पकड़, तालमेल, स्टेज प्रदर्शन और मौलिकता के आधार पर निर्णय लेंगे। फाइनल राउंड 4 मार्च को सेरी मंच पर होगा, जिसमें विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

ऑडिशन व फाइनल राउंड के लिए आवश्यक निर्देश


  • आवेदन गूगल फॉर्म लिंक अथवा जिला विकास कार्यालय, मंडी में जाकर किया जा सकता है।
  • आवेदकों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना होगा।
  • ऑडिशन के दौरान अनुचित व्यवहार या सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणी करने पर प्रतिभागी को निष्कासित किया जाएगा।
  • प्रतिभागियों को अपने यात्रा, ठहरने और भोजन का खर्च स्वयं उठाना होगा।

ऑडिशन से संबंधित सभी जानकारी https://hpmandi.nic.in पर उपलब्ध होगी।