Follow Us:

लाहौल की इरीना ठाकुर बनीं ऑस्ट्रेलिया में डिप्टी हाई कमिश्नर

लाहौल की बेटी इरीना ठाकुर बनीं ऑस्ट्रेलिया में डिप्टी हाई कमिश्नर
भारत सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, विदेश मंत्रालय में पहले भी अहम पदों पर रहीं
शंशा गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया प्रदेश का मान


लाहौल घाटी की बेटी इरीना ठाकुर ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। भारत सरकार ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग में डिप्टी हाई कमिश्नर नियुक्त किया है। सीमांत क्षेत्र के छोटे से गांव शंशा से निकलकर विश्व पटल पर भारत का प्रतिनिधित्व करना इरीना की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा का प्रमाण है।

इरीना ठाकुर ने वर्ष 2012 में सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय विदेश सेवा (IFS) जॉइन की थी। इसके बाद से उन्होंने विदेश मंत्रालय में कई अहम पदों पर सेवाएं दीं। वह श्रीलंका के कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग में प्रथम सचिव के रूप में कार्य कर चुकी हैं, जहां उन्होंने भारत-श्रीलंका संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उनका अनुभव विदेश नीति निर्माण, कूटनीतिक संबंधों, पासपोर्ट और वीज़ा सेवाओं जैसे अहम क्षेत्रों में रहा है। यही वजह है कि केंद्र सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि महिला सशक्तीकरण और भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत का भी प्रतीक है।

प्रदेश की यह बेटी अब दुनिया के एक अहम मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह उपलब्धि लाहौल की धरती के लिए गौरव का क्षण है।