Follow Us:

शिमलाः लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को किया याद

पी. चंद, शिमला |

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के 144वें जन्म दिवस और आयरन लेडी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। देश भर के साथ शिमला में भी दोनों नेताओं को याद किया गया। इस अवसर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिमला में दोनों नेताओं को याद करते हुए उन्हें राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सहित कई नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। रिज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं द्वारा देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया।

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल ने देश के विकास में अहम योगदान दिया। भारत के राजनीतिक इतिहास में सरदार पटेल के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। 15 अगस्त, 1947 तक हैदराबाद, कश्मीर और जूनागढ़ को छोड़कर शेष भारतीय रियासतें भारत संघ में सम्मिलित हो चुकी थीं, जो भारतीय इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि थी। जूनागढ़ के नवाब के विरुद्ध जब वहां की प्रजा ने विद्रोह कर दिया तो वह भागकर पाकिस्तान चला गया और इस प्रकार जूनागढ़ को भी भारत में मिला लिया गया। जब हैदराबाद के निजाम ने भारत में विलय का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया तो सरदार पटेल ने वहां सेना भेजकर निजाम का आत्मसमर्पण करा लिया।  सरदार पटेल द्वारा  562 रियासतों का एकीकरण किया।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि आज दो महान विभूतियों को याद किया जा रहा है। इंदिरा गांधी के आतंक के ख़िलाफ़ बलिदान को देश आज भी याद करता है। मौजूदा सरकार ने आतंक के ख़िलाफ़ मुहिम छेड़ी है जो काफ़ी हद तक सफल हो रही है। सरदार पटेल के योगदान को भी कभी नहीं भुलाया जाएगा। पटेल नवीन भारत के निर्माता थे। देश की आजादी के संघर्ष में उन्होंने जितना योगदान दिया, उससे ज्यादा योगदान उन्होंने स्वतंत्र भारत को एक करने में दिया। देश की 562 छोटी बड़ी रियासतों को मिलाने में सरदार पटेल ने अहम भूमिका अदा की थी। जय राम ने कहा कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 खत्म होने के बाद कश्मीर से कन्याकुमारी तक आज भारत एक तिरंगे के तले काम कर रहा है ये प्रधानमंत्री मोदी की बहुत बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लेह लदाख की सीमा हिमाचल के स्पिति से लगती है। जिसको लेकर कुछ विवाद भी है। इस संबंध में गृह मंत्री से बात की गई है।