Follow Us:

➤हमीरपुर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा सम्पन्न हुई
➤विधायक आशीष शर्मा ने पत्नी संग पूजा कर रथ के आगे झाड़ू लगाया
➤भारत व विदेश से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए, रशिया के भक्त भी पहुंचे




Jagannath Rath Yatra Hamirpur 25th Year: जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर हमीरपुर में आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा इस बार और अधिक भव्य रही।
पिछले 25 वर्षों से हमीरपुर के सत्यनारायण मंदिर परिसर से शुरू होकर दंगड़ी मठ तक पहुंचने वाली यह रथ यात्रा अब प्रदेश में आस्था का बड़ा केंद्र बन चुकी है।

सुबह से ही सत्यनारायण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। हर कोई भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में भाग लेने और पुण्य अर्जित करने को आतुर नजर आया। भव्य यात्रा का शुभारंभ विधायक सदर आशीष शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी स्वाति शर्मा के साथ भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा अर्चना से किया। इसके बाद उन्होंने रथ के आगे झाड़ू लगाकर सेवा भावना का परिचय दिया।

रथ यात्रा भोटा चौक, बस अड्डा, नादौन चौक और गांधी चौक होते हुए दंगड़ी मठ तक पहुंची। रास्ते भर हरि भक्त नाचते-गाते भजनों में लीन रहे। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडे मीठे पानी और फल प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।

दंगड़ी मठ के गिरि महाराज ने बताया कि यह 25वीं रथ यात्रा है जिसमें हमीरपुर ही नहीं, पंजाब, हरियाणा, मथुरा, आसाम और यहां तक कि रूस से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह आस्था का प्रतीक है कि दूर-दूर से लोग यहां भगवान के रथ को खींचने आते हैं।

भक्त विनीत ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार रथ यात्रा में शामिल हो रहे हैं और हर बार हजारों की संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। भक्तों ने कहा कि हमीरपुर की यह रथ यात्रा पूरे भारतवर्ष में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।

रथयात्रा के दौरान कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। बावजूद इसके आस्था और उल्लास से ओतप्रोत भक्तजनों ने पूरे जोश से यात्रा में भाग लिया।