Follow Us:

“जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर वार: ताले लगाने वाली सरकार, जनता के हितों की अनदेखी”

  • “आयुष्मान, सहारा, शगुन योजनाएं संसाधन लुटाना नहीं, सरकार का फ़र्ज़: जयराम ठाकुर”

  • “सुक्खू सरकार को बताया ताले लगाने वाली सरकार, गारंटियां पूरी करने में विफल”

  • “सरकारी कर्मचारियों के नियमितीकरण पर नहीं, चहेतों को एक्सटेंशन देने पर ध्यान: जयराम ठाकुर”


मंडी: सराज विधानसभा क्षेत्र के थाची में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार एक ऐसी सरकार आई है, जो संस्थानों को बंद करने के एजेंडे पर काम कर रही है। सुक्खू सरकार सिर्फ बजट और विकास कार्यों को रोकने का कार्य कर रही है।

आयुष्मान, सहारा, शगुन, उज्ज्वला, कन्यादान, बेटी है अनमोल, स्वावलंबन और जनमंच जैसी योजनाओं को रेवड़ियां बताने वाली सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त बिजली-पानी देना, उनके इलाज की व्यवस्था करना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं चलाना कोई संसाधन लुटाना नहीं बल्कि सरकार का फर्ज़ है

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की गारंटियां अभी तक पूरी नहीं हुईं और अब वह अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए झूठ और फर्जी आरोपों का सहारा ले रही है। सरकार स्कूलों और अस्पतालों को बंद कर रही है, जबकि नौकरियां देने के बजाय छीनने में गर्व महसूस कर रही है।

सरकारी कर्मचारियों के नियमितीकरण पर सरकार का दोहरा रवैया


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उनकी सरकार ने अनुबंध कार्यकाल को तीन साल से घटाकर दो साल किया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे फिर से तीन साल कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में चहेतों को सेवा विस्तार देने की परंपरा जारी है, जबकि जो युवा अपनी मेहनत से नौकरी प्राप्त कर रहे हैं, उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने कर्मचारियों को नियमित करने के लिए 30 सितंबर का नियम बदलकर 31 मार्च कर दिया, लेकिन अब तक कोई नियमितीकरण नहीं हुआ। सरकार व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर केवल कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है और अब व्यवस्था का पतन हो चुका है