Follow Us:

देहरा के चुनाव में वोट चोरी के लिए सुक्खू सरकार ने सारी मर्यादाएं लांघी : जयराम ठाकुर

देहरा उपचुनाव में वोट चोरी का आरोप: जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर बोला तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने झूठ और भ्रष्टाचार से चलाया शासन, मित्रों का भला किया – जयराम ठाकुर
सेंट्रल यूनिवर्सिटी के 30 करोड़ जमा नहीं, लेकिन पालमपुर यूनिवर्सिटी की जमीन बेच दी – विपक्ष का आरोप


धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देहरा उपचुनाव में मुख्यमंत्री ने “वोट चोरी के लिए सारी मर्यादाएं लांघ दीं” और सत्ता का दुरुपयोग कर संविधान की धज्जियां उड़ाईं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने तीन साल के कार्यकाल में प्रदेशवासियों को सुख नहीं बल्कि केवल दुख दिया है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार “मित्रों का भला, सत्ता समर्थित भ्रष्टाचार, विकास परियोजनाओं में अड़ंगा और तालाबाजी” की सरकार बनकर रह गई है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफियाराज और अराजकता को संरक्षण दिया जा रहा है। आपदा से जूझ रहे लोगों की सुध लेने की बजाय मुख्यमंत्री बिहार चुनावों में प्रचार में जुटे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल को “गोल्डन पीरियड” बताया, जबकि असल में यह झूठों और जिद से भरा समय रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन से लेकर सड़क तक, देश से विदेश तक झूठ बोला। विधानसभा में भी उन्होंने गलत जानकारी दी और जब विपक्ष ने दस्तावेज़ पेश किए, तो स्पीकर को खुद स्वीकार करना पड़ा कि मुख्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके साथियों ने हाउस ऑफ लॉर्ड्स को संबोधित करने का झूठा दावा किया जबकि उस समय वहां कोई कार्यवाही नहीं चल रही थी। “मुख्यमंत्री का हर दिन नया झूठ और नया कर्ज लेकर आता है,” जयराम ठाकुर ने कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने वृद्धा पेंशन की उपलब्धि को भी अपनी बताकर जनता को भ्रमित किया, जबकि यह फैसला भाजपा सरकार के पहले ही कैबिनेट में लिया गया था।

जयराम ठाकुर ने कांगड़ा के साथ किए जा रहे भेदभाव को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए केवल 30 करोड़ रुपए जमा करवाने बाकी हैं, लेकिन सरकार तीन साल से वह रकम नहीं दे सकी। दूसरी ओर, पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की 40 हेक्टेयर जमीन बेच दी गई, जिससे जुड़े लोग न्यायालय में गए और रोक लग गई। उन्होंने कहा कि यह सरकार शिक्षा और अनुसंधान के बजाय व्यवसायिक लाभ के लिए संस्थानों की जमीन बेचने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सरकार “कर और कर्ज की सरकार” है — जिसने हर दिन 33 करोड़ से अधिक कर्ज लिया और जनता पर नए टैक्स थोपे। जयराम ठाकुर ने कहा कि हर हफ्ते दो अस्पताल और हर दिन एक स्कूल बंद करना इस सरकार की “मुख्य उपलब्धि” है।

देश और हिमाचल सरदार पटेल के कृतज्ञ

राष्ट्रीय एकता दिवस पर धर्मशाला में आयोजित “रन फॉर यूनिटी” में भाग लेते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि देश और हिमाचल सरदार पटेल के कृतज्ञ हैं, जिन्होंने हिमाचल की 30 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसमें डॉ. राजीव भारद्वाज, सुधीर शर्मा, पवन काजल, सर्वीण चौधरी, विशाल नेहरिया, सचिन शर्मा, विश्व चक्षु, रवि दत्त शर्मा सहित कई नेताओं ने भाग लिया।